रोडरेज में पिता-पुत्र की हत्या, दबंगों ने सरेराह चाकू घोंपकर ले ली जान; मचा हड़कंप
कानपुर में रोडरेज के चलते पिता-पुत्र की निर्मम हत्या कर दी गई. नौबस्ता क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद दबंगों ने चाकू से वार कर दोनों की जान ले ली, जबकि एक बेटा गंभीर घायल है. इस दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस एक्शन में आई और मुख्य आरोपी करन वर्मा का एनकाउंटर किया गया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार की देर शाम नौबस्ता थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया. रोडरेज में शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते इतना बड़ा हो गया कि दबंगों ने सरेराह चाकू घोंपकर एक पिता-पुत्र की जान ले ली. वहीं दूसरे बेटे को हेलमेट और चाकू के वार से बुरी तरह जख्मी कर दिया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. वहीं घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वारदात के बाद एक्शन में आई पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी करन वर्मा का एनकाउंटर किया है. वहीं उसके दोनों साथियों को धर दबोचा है. वारदात के बाद यह तीनों आरोपी बंबा स्थित स्कोमिया अकादमी के पास खाली प्लॉट में छिपे हुए थे. पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान किदवई नगर में रहने वाले शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम के रूप में हुई है. वहीं शिवनारायण के दूसरे बेटे सत्यम की हालत नाजुक है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मामूली विवाद में बहाया खून
पुलिस के मुताबिक शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में काम करते थे. रविवार की शाम तीनों काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान नौबस्ता क्षेत्र में यशोदा नगर बाईपास के पास दूसरी बाइक से टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते आरोपियों ने हेलमेट और चाकू से वारकर इनकी हत्या कर दी. चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन दबंगों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए धमकाया.
परिवार में पसरा मातम
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और परिसर में करुण क्रंदन का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों में दबंगों के इस खूनी तांडव को लेकर जबरदस्त आक्रोश है और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है. उधर, मौके पर पहुंचे एडीसीपी योगेश कुमार व एसीपी रंजीत कुमार ने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.