बर्थडे से ठीक पहले 9वीं के छात्र ने दी जान, नोट में लिखा मौत का राज, फिर फाड़ क्यों दिया? हैरान कर देगी वजह

कानपुर में जन्मदिन से ठीक पहले 9वीं के छात्र आयुष ने आत्महत्या कर ली. उसने एक सुसाइड नोट लिखा पर तुरंत फाड़ दिया, जिससे मौत का राज गहरा गया है. छात्र के हेड कांस्टेबल पिता ने स्कूल टीचरों पर कोचिंग के लिए मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. पुलिस को फटे नोट के टुकड़े मिले हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच जारी है. यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है.

कानपुर में छात्र ने क्यों किया सुसाइड? Image Credit:

उत्तर प्रदेश के कानपुर में हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक नौंवी कक्षा के छात्र ने सुसाइड कर लिया है. बड़ी बात यह कि इस छात्र ने सुसाइड अपने बर्थडे से एक दिन पहले किया है. सुसाइड से पहले उसने एक कागज पर अपनी मौत की वजह भी लिखी थी, लेकिन तुरंत ही उस कागज को फाड़ दिया. यह इनपुट सामने आने के बाद पुलिस भी बुरी तरह उलझ कर रह गई है. छात्र के पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं. उन्होंने इस घटना के लिए स्कूल टीचर्स को जिम्मेदार बताया है.

पुलिस को दिए शिकायत में छात्र के पिता ने बताया कि टीचर्स उसके बच्चे को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. उसे जबरन कोचिंग पढ़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. इसकी वजह से उनका बेटा कई दिनों से तनाव में था. पुलिस के मुताबिक छात्र के पिता के आरोप इस वारदात को प्रमाणित करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं. बड़ा सवाल यह है कि छात्र ने अपने सुसाइड नोट में ऐसा क्या लिखा था, जो उसने तुरंत फाड़ भी दिया.

कौशांबी का रहने वाला है परिवार

पुलिस के मुताबिक छात्र के पिता राकेश कुमार मूल रूप से कौशांबी जिले के रहने वाले हैं. उनकी पोस्टिंग इस समय लखनऊ के महानगर कोतवाली में है. बच्चे को पढ़ाने के लिए ही उनका परिवार कौशांबी से कानपुर आ गया और यहां बर्रा थाना क्षेत्र में रह रहा था. राकेश कुमार के परिवार में उनकी पत्नी मीना के अलावा एक बेटी आर्या और दो बेटे अभय व आयुष शामिल थे. इनमें मृत छात्र आयुष (14) सबसे छोटा था और केशव पुरम स्थित मदर टेरेसा हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई करता था.

बड़े भाई ने देखा शव

राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 13 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह सपरिवार कौशांबी गए थे. लेकिन पढ़ाई और एग्जाम की बात कहकर आयुष और अभय उनके साथ नहीं गए. 16 मई को आयुष का बर्थडे भी था. इसी बीच 15 मई की देर रात अभय ने फोन पर बताया कि आयुष ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है. ऐसे में उन्होंने दरवाजा तोड़ने को कहा. इसके बाद जब अभय दरवाजा तोड़कर अंदर गया तो आयुष पंखे की कुंडी से लटका हुआ था.

कमरे में ही मिला सुसाइड नोट

सूचना मिलने पर वह खुद पत्नी और बेटी के साथ कानपुर पहुंचे. इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इस दौरान पुलिस ने शव के पास से ही आयुष की हैंडराइटिंग में सुसाइड नोट बरामद किया है. यह सुसाइड नोट कई टुकड़े में फाड़ा गया था. फिलहाल पुलिस ने फटे हुए सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. पुलिस ने बताया कि उनके बेटे ने कई बार बताया था कि टीचर ने ट्यूशन नहीं पढ़ने पर स्कूल से निकाल देने और फेल करने की धमकी दी थी.

Follow Us