ड्रोन से रेकी, फिर सूने घरों में घुसकर चोरी; हैरान कर देगा हाईटेक चोरों के वारदात का तरीका

उत्तर प्रदेश में हाईटेक चोरों ने ड्रोन का इस्तेमाल कर सूने घरों में चोरी की 40 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया. कानपुर में पकड़े गए इन शातिर चोरों ने बताया कि वे ड्रोन से रेकी करते, फिर 'अधिवक्ता' लिखी कार में गैस कटर व अन्य उपकरण लेकर वारदात करते थे. इस गिरोह ने करोड़ों की संपत्ति बनाई थी, अब पुलिस की गिरफ्त में है.

कानपुर में हाईटेक चोरी का खुलासा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के चोर भी अब हाईटेक हो गए हैं. ये चोर ड्रोन उड़ाकर सूने घरों में रेकी करते हैं और मौका देखकर सूनसान पड़े घरों में वारदात को अंजाम देते हैं. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर में देखने को मिला है. पुलिस ने इस मामले में तीन चोरों को अरेस्ट किया है. इनमें दो सगे भाई हैं, वहीं तीसरा चोर इनका फुफेरा भाई है. पुलिस की पूछताछ में इन चोरों ने बताया कि बीते एक साल में इन लोगों ने 40 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया है.

इन चोरों ने बताया कि इन वारदातों से उन लोगों ने करोड़ों की प्रापर्टी बनाई है. इसमें कानपुर देहात में करीब 70 लाख की लागत से बना मकान शामिल है. चोरों ने बताया कि अब तक किसी को उनके द्वारा अंजाम दिए गए वारदातों की भनक तक नहीं लगी, लेकिन इस बार गलती से वह एक पुलिसकर्मी के घर में घुस गए. जिसकी वजह से पुलिस ने जाल बिछाकर उन्हें दबोच लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है.

ऐसे पकड़े गए तीनों चोर

पुलिस के मुताबिक बिठूर थाना क्षेत्र में मूलरूप से कानपुर देहात के शिवली फत्तेपुर निवासी चंद्रशेखर जाटव रहते हैं. वह उत्तर प्रदेश में तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग इस समय फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में है. पिछले दिनों वह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. इस दौरान चोरों ने उनके घर में घुसकर करीब 15.25 लाख रुपये की नगदी एवं अन्य कीमती सामान उड़ा लिए. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करते हुए अरेस्ट किया है. इनकी पहचान मैनपुरी के आजाद नगर कांशीराम कॉलोनी निवासी मुकेश राजपूत, उसके सगे भाई आकाश राजपूत उर्फ ढिल्ला और बुआ के बेटे मनोज कुमार उर्फ सूरज के रूप में हुई है.

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक आरोपी पहले मैनपुरी में ही वारदातों को अंजाम देते थे, लेकिन बीते कुछ समय से ये कानपुर में सक्रिय थे. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही इन लोगों ने परेड बाजार से दो लाख रुपये में पुरानी स्कोडा कार खरीदी थी. कार पर ‘अधिवक्ता’ लिखा होने से कोई उन पर जल्दी शक नहीं करता था. आरोपी में इस कार में ही गैस कटर, चोरी के अन्य उपकरण और ड्रोन रखकर चलते थे. तीनों चोर ज्यादा पढ़े लिखे तो नहीं हैं, लेकिन टेक्नोफ्रेंडी हैं.

एक साल में 40 से अधिक वारदात

इन चोरों ने पुलिस की पूछताछ में बीते एक साल के अंदर ही चोरी की 40 से अधिक वारदातों को कबूल किया है. इन चोरों के मुताबिक ये लोग अपनी गाड़ी में रात के समय निकलते और गाड़ी में बैठे बैठे ही ड्रोन उड़ाकर घरों की रेकी करते थे. इस दौरान चोर सूनसान घरों में घुसने और निकलने के रास्ते की पहचान ड्रोन की मदद से करने के बाद घुसते थे और पूरा माल लेकर फरार हो जाते थे.