राहुल से शादी और अंशु से प्यार, पति के काम पर जाते ही BF संग भागी दुल्हन; फोन पर दिया ये जवाब
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में शादी के ढाई महीने बाद एक दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई. पति राहुल कुमार के ग्रेटर नोएडा काम पर जाते ही अंजलि नकदी व जेवर लेकर प्रेमी अंशु पटेल के पास चली गई. फोन पर पति ने उसे घर लौटने के लिए कहा, लेकिन उसने वापस आने से मना कर दिया. वहीं उसउके प्रेमी ने पीड़ित पति को धमकी दी. पीड़ित पति ने अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां शादी के ढाई महीने पति के साथ रहने के बाद एक दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है. पीड़ित पति ने उससे फोन पर बात की और घर लौटने के लिए कहा, लेकिन दुल्हन ने साफ इनकार कर दिया. कहा कि अब वह अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी. मामला कौशांबी के सैनी थाना क्षेत्र के गरई गांव का है. पीड़ित ने इस संबंध में अपनी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है.
इस गांव में रहने वाले राहुल कुमार ने बताया कि वह ग्रेटर नोएडा में रहकर एक कंपनी में नौकरी करता है. बीते 26 अप्रैल 2026 को ही उसकी शादी मटियारा मीठेपुर सयारा गांव की रहने वाली अंजली के साथ हुई थी. यह शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई. शादी के बाद वह अपनी पत्नी को विदाकर घर लाया और करीब दो सप्ताह तक गांव में रहने के बाद वह पत्नी को लेकर ग्रेटर नोएडा आ गया.
काम पर जाते फुर्र हो गई पत्नी
राहुल के मुताबिक रोज की तरह वह 15 जुलाई की सुबह घर से खा-पीकर ड्यूटी के लिए निकल गया. शाम को वापस लौटा तो घर में अंजलि नहीं मिली. घर भी खुला था. वहीं घर में रखी 22 हजार की नगदी, कुछ जेवर भी गायब थे. उसने अंजलि को फोन किया तो पता चला कि वह अपने प्रेमी अंशु पटेल के साथ है. राहुल ने उसे घर लौटने के लिए कहा तो उसने साफ इनकार कर दिया. कहा कि अब वह अंशु के साथ ही रहेगी.
प्रेमी ने दिया जान से मारने की धमकी
पीड़ित के मुताबिक उसने पत्नी के प्रेमी अंशु पटेल से भी फोन पर बात की, लेकिन वह उल्टा उसे ही धमकाने लगा. यहां तक कि उसने जान से मारने तक की धमकी दी. कहा कि अब अंजली उसकी बीवी बन चुकी है. अगर उसने रोड़ा अटकाने की कोशिश की तो वह उसे जान से मरवा देगा. इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रेम प्रसंग छिपाकर हुई शादी
राहुल का आरोप है कि उसकी पत्नी अंजिल का पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था. उसके घर वालों को भी इसकी जानकारी थी, लेकिन उन लोगों ने इसे छिपाकर शादी करा दी. इधर, शादी के बाद ससुराल आने के बाद भी अंजलि प्रेमी के संपर्क में रही और मौका मिलते ही प्रेमी को बुलाकर उसके साथ फरार हो गई. सैनी थाना प्रभारी त्रिलोकीनाथ पांडे के मुताबिक पीड़ित पति ने शिकायत दी है. इस शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.