शर्मनाक! लखनऊ में डायल 112 के सिपाही ने नाबालिग से की छेड़छाड़ और छत से फेंका

लखनऊ में यूपी पुलिस के एक सिपाही पर एक नाबालिग से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है. आरोपी काफी समय से नाबालिग का पीछा करता और उसका रास्ता रोकता था. पीड़िता के मना करने पर भी जब वो नहीं माना तो उसने इसकी जानकारी अपने घरवालों और सिपाही की पत्नी को दी.

AI जेनेरेटेड फोटो Image Credit: AI image

जहां एक ओर प्रशासन और पुलिस से आम जनता सुरक्षा की आस लेकर जाती है, वहीं यूपी सरकार के एक सिपाही पर ही असुरक्षा का आरोप लगाया गया है. लखनऊ के बीबीडी के लालपुर इलाके में डायल 112 के सिपाही पर आरोप है कि उसने एक नाबालिग से छेड़छाड़ की कोशिश की. फिर इसका विरोध करने पर नाबालिग और उसके घरवालों से मारपीट भी की. इतना ही नहीं सिपाही ने लड़की को छत से धक्का देकर गिरा दिया.

घरवालों का आरोप है कि छत से गिरने से लड़की कि रीढ़ कि हड्डी टूट गयी और एक पैर भी फ्रैक्चर हो गया है. इसके अलावा सिपाही ने लड़की के घरवालों को बुरी तरह पीटा भी. पीड़िता के घरवालों का आरोप है कि मामला दबाने के लिए सिपाही उन्हें लगातार धमकियां दे रहा है. पीड़िता के घरवालों की शिकायत पर बीबीडी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.

लोहिया अस्पताल में चल रहा इलाज

लड़की की मां ने बताया कि सिपाही मुकेश यादव आए दिन उसकी बेटी के साथ छेड़खानी करता था. लड़की ने कई बार इसका विरोध किया. पीड़िता ने ये सभी बातें अपने घरवालों को भी बताई. छेड़खानी से तंग आकर पीड़िता ने सिपाही की बीवी को पूरी बात बताई. इसके बाद सिपाही का उसकी पत्नी से भी झगड़ा हुआ. झगड़े के बाद दोनों पीड़िता के पास आए. पीड़िता छत पर अकेली थी. अकेला देखकर सिपाही और उसकी पत्नी ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज की. पीड़िता के विरोध करने पर सिपाही ने लड़की को छत से धक्का देकर फेंक दिया.

आरोप है कि छत से गिरने से उसकी रीड की हड्डी टूट गई और पैर में भी फ्रैक्चर है. पीड़िता का इलाज राम मनोहर लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है. सिपाही दंपत्ति और साले अंकित यादव ने इसके बाद बीच बचाव  करने आए लड़की के पिता के साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. लड़की के पिता का इलाज भी राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है.

बेटी को छत से फेंक दिया

लोहिया अस्पताल में ही इलाज कर रहे लड़की के पिता ने बताया हमारा परिवार पिछले लगभग 1 साल से लालपुरवा इलाके में किराये के मकान में रहता है. इस फ्लोर पर सामने किराए पर सिपाही और उसकी पत्नी भी रहते हैं. सिपाही मुकेश यादव ने कई बार बेटी के साथ गलत व्यवहार किया और विरोध करने पर हमेशा वर्दी का रौब झाड़ता था. एक दिन तंग आकर बेटी ने सिपाही की पत्नी को आप बीती बताई. इसके बाद बौखलाहट में सिपाही और उसकी पत्नी ने पहले बच्ची के साथ मारपीट की और विरोध करने पर छत से फेंक दिया. जानकारी होने पर जब मैं वहां पहुंचा तो मेरे साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की.

जबरन रोक लेता था रास्ता

इस पूरे मामले पर पीड़िता ने बताया कि काफी दिनों से सिपाही की गलत नजर मेरे ऊपर थी. कई बार आते-जाते हाथ पकड़ लेना, जबरन रास्ता रोक लेना, गंदी बातें करना, ये सभी हरकतें सिपाही किया करता था. पीड़िता ने कहा कि इन सभी चीजों से तंग आकर मैंने इनकी सिपाही पत्नी कुमकुम यादव से इस बात की शिकायत की. इसके बाद मियां बीवी में कहा सुनी हो गई.

इसके बाद सिपाही पति-पत्नी मेरे पास आए और मुझसे घटना के सबूत मांगने लगे. तुरंत कुमकुम यादव ने मुझे थप्पड़ मारा और धमकाने लगी. जब मैंने विरोध किया तो मुझे दो मंजिल मकान से नीचे फेंक दिया और मेरे घर वालों के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की. इस पूरे मामले पर पुलिस ने कहा कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है और जांच में मिले सबूत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us