लखनऊ में दर्दनाक घटना, दो सहेलियों ने ट्रेन के आगे एक साथ कूदकर दी जान, गांव में मचा कोहराम
लखनऊ में दो सहेलियों ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. दोनों रिश्ते में एक बुआ-भतीजी थीं. फिलहाल, दोनों की आत्महत्या की वजह का पता नहीं लग पाया है. दोनों युवतियां की सुबह अपने घर पर लड़ाई हुई थीं. इसके बाद वे घर से निकल गई थीं.
लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के बेलवा फाटक के पास दो सहेलियों ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. शशि और नीतू नाम की इन दो सहेलियों में बड़ा प्रेम था. दोनों एक दूसरे साथ ही समय बिताना पसंद करती थी. नीतू की दो साल पहले ही शादी हुई थी. अभी कुछ दिनों पहले वह अपने मायके आई थी. दोनों के इस खौफनाक कदम से उनके गांव में कोहराम मच गया है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
रिश्ते में बुआ-भतीजी थी दोनों युवतियां
नीतू और शशि का रिश्ता बुआ भतीजी का था. लेकिन उम्र में अधिक अंतर नहीं होने के चलते दोनों एक-दूसरे की सहेली भी थीं. नीतू की शादी 2 साल पहले हुई थी. लेकिन पति से अनबन के कारण वह कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी. फिलहाल, दोनों की आत्महत्या की वजह का पता नहींं लग पाया है. दोनों ने कोई सुसाइड नोट भी नहीं छोड़ा है. दोनों युवतियों की सुबह अपने घर पर लड़ाई हुई थीं. इसके बाद वे घर से निकल गई थीं.
स्टेशन अधीक्षक ने पुलिस को दी थी सूचना
रहीमाबाद थाना पुलिस के मुताबिक उन्हें सुबह 11:25 बजे स्टेशन अधीक्षक की तरफ से लिखित सूचना दी गई कि डाउन बॉक्स एन के ड्राइवर ने रहीमाबाद-दिलावरनगर रेलवे स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 1106/18-1106/16 के पास एक दुर्घटना को रिपोर्ट किया है. हमने मौके पर जाकर देखा तो 2 युवतियों का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा हुआ था.
परिजनों और स्थानीय लोगों से जरूरी पूछताछ
पुलिस ने बताया कि दोनों शव को कब्जे में ले लिया गया है. परिजनों की मौजूदगी में शवों को पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए नियमानुसार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों और स्थानीय लोगों से जरूरी पूछताछ की जा रही है. जल्द ही दोनों युवतियों की आत्महत्या की वजह पता ली जाएगी.