लखनऊ समेत UP के 18 जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की फिर धमकी, मचा हड़कंप
यूपी के 18 जिलों की अदालतों को मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. फिलहाल, इन अदालतों में ऐहतियातन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. हालांकि, अब तक पुलिस को किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.
यूपी के 18 जिलों की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इसमें इसमें लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रतापगढ़, अमरोहा और अलीगढ़ समेत कई जिलों के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट शामिल हैं. धमकी मिलने के बाद संबंधित कोर्ट में प्रशासन ने ऐहतियातन सर्च ऑपरेशन चलाया. फिलहाल, किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं नजर आई है. दो दिन पहले भी कोर्ट को बम से उड़ाने का मेल आया था.
लखनऊ में भी मचा हड़कंप
कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद राजधानी लखनऊ में भी हड़कंप मच गया. घमकी की सूचना मिलते ही डॉग स्क्वायड टीम और वज़ीरगंज पुलिस कोर्ट परिसर में पहुंच गई. कोर्ट में सर्च और चेकिंग अभियान चलाया गया. कचहरी परिसर को खाली करा लिया गया.

अलीगढ़ कोर्ट में भी चलाया गया सर्च ऑपरेशन
अलीगढ़ जिला कचहरी को भी मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई. एसएसपी और कई अन्य अधिकारी दीवानी कचहरी के अंदर मौजूद है. डॉग स्क्वॉड भी टीम अंदर है. फिलहाल, सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
12 बजकर 15 मिनट पर विस्फोट करने की धमकी
पुलिस के मुताबिक इस ईमेल में जिला अदालतों को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर विस्फोट करने की धमकी दी गई. फिलाहल, पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान कर जांच में जुटी हुई है. पुलिस ये जानने की कोशिश कर रही है कि ये मेल कहां से आया है और इसका मकसद क्या है? इसके लिए तकनीकी टीमों की भी सहायता ली जा रही है.

इस तरह की धमकियों की संख्या बढ़ी
बता दें कि अभी कुछ दिनों पहले नोएडा के कई स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इसके अलावा देश के अन्य राज्यों से भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं. लगातार इस तरीके के मामले सामने आने से प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं. अब प्रशासन इस तरीके के मामलों से निपटने के लिए बेहद गंभीर और सख्त फैसले ले रहा है.
