रिटायरमेंट से पहले अग्निवीरों के लिए खुशखबरी, परिवहन विभाग में मिलेगी नई नौकरी; 20 फीसदी आरक्षण तय

उत्तर प्रदेश सरकार ने इसी साल रिटायर होने वाले अग्निवीरों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है. सरकार ने पुलिस भर्ती के बाद अब परिवहन विभाग में सिपाही पदों पर 20% आरक्षण देने का फैसला लिया है. इससे अग्निवीरों को सेवा निवृत्ति के बाद तत्काल राजकीय सेवा में अवसर मिलेगा, उनकी प्रशिक्षित क्षमताओं का उपयोग होगा और उन्हें लिखित व शारीरिक परीक्षाओं में भी छूट मिलेगी.

अग्निवीरों को बड़ा मौका Image Credit:

भारतीय सेना में भर्ती अग्निवीरों की पहली बैच इस साल रिटायर होने वाली है. उससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ी खुशखबरी दे दी है. पुलिस भर्ती में आरक्षण देने के बाद सरकार ने परिवहन विभाग के लिए सिपाही भर्ती में भी अग्निवीरों को 20 फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया है. शासन ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुख्यालय को दिशा निर्देश भेज दिया है. जल्द ही इस संबंध में शासनादेश जारी हो जाएगा.

बता दें कि अग्निवीरों का पहला बैच चार साल की सेवा के बाद इसी साल रिटायर होने वाला है. सरकार ने फैसला किया है कि रिटायरमेंट के बाद इन अग्निवीरों को बैठने की जरूरत नहीं होगी. बल्कि उन्हें निर्धारित मानकों के तहत उत्तर प्रदेश की राजकीय सेवा में लगाया जाएगा. इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने पिछले साल पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण का ऐलान किया था. वहीं अब परिवहन विभाग की सिपाही भर्ती में आरक्षण देने की घोषणा की है.

सेना में स्थाई होंगे कुछ अग्निवीर

चार साल की सेवा अवधि पूरी करने के बाद कुछ अग्निवीरों को सेना में ही स्थाई कर दिया जाएगा. वहीं करीब 75 फीसदी अग्निवीर रिटायर होकर अपने घर आ जाएंगे. चूंकि सेना में चार साल की नौकरी के दौरान उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से बेहतर प्रशिक्षण मिला चुका होता है, इसलिए सरकार ने उनकी क्षमता और प्रतिभा का इस्तेमाल राजकीय सेवा में करने का फैसला किया है. इसलिए देश की तमाम राज्य सरकारें अग्निवीरों को प्रदेश सरकार की नौकरियों में प्राथमिकता दे रही हैं.

ऐसे होगी अग्निवीरों की दोबारा भर्ती

परिवहन विभाग में सिपाहियों की भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लिखित और फिजिकल परीक्षा के जरिए कराता है. इसमें शारीरिक परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल टेस्ट भी शामिल होते हैं. इस परीक्षा में अग्निवीर सेवा से रिटायर जवानों को शारीरिक परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल टेस्ट में तो छूट मिलेगी ही, लिखित परीक्षा में भी छूट मिल जाएगी. फिलहाल परिवहन विभाग में 477 प्रवर्तन सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है.

शासन के प्रस्ताव पर बनी सहमति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंशा के मुताबिक शासन ने इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर परिवहन विभाग को भेजा था. अब परिवहन विभाग ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है. परिवहन आयुक्त और उनकी टीम ने विधिवत विचार विमर्श के बाद अग्निवीरों को भर्ती में 20 फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया है. उनका मानना है कि अग्निवीर की भर्ती होने से विभाग में उनकी पहली नौकरी के अनुभव का लाभ तो मिलेगा ही, टीम अनुशासित भी होगी. इनकी ट्रेनिंग का फायदा दूसरे सिपाहियों को भी मिलेगा.