कस्टमर बनकर आए और एयरफोर्स अफसर को मार दी गोली, राजधानी के रेस्टोरेंट में फायरिंग से हड़कंप

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक रेस्टोरेंट में पूर्व एयरफोर्स अफसर अवधेश कुमार पाठक को बदमाशों ने गोली मार दी. घटना से राजधानी में हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से घायल अफसर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की तलाश कर रही है. यह वारदात शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुई.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार की देर शाम एक रेस्टोरेंट में बेखौफ बदमाशों ने फायरिंग की. बदमाशों ने रेस्टोरेंट संचालक पूर्व एयरफोर्स अफसर को गोली मार दी. वारदात के बाद बदमाश बड़े आराम से हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. इस वारदात में एयरफोर्स अफसर अवधेश कुमार पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अभी तक बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है.

पुलिस के मुताबिक एयरफोर्स अफसर अवधेश कुमार पाठक ने अपने रिटायरमेंट के बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के शॉपिंग स्क्वायर में रेस्टोरेंट का कारोबार शुरू किया था. वह रेस्टोरेंट का संचालन अपनी पत्नी के साथ मिलकर करते थे. शनिवार की देर शाम वह अपनी पत्नी के साथ रेस्टोरेंट में ही थे. इतने में हथियार लहराते हुए आए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. यह सबकुछ इतना तेजी से हुआ कि वहां मौजूद लोगों में किसी को कुछ नहीं सूझा.

ग्राहकों ने बुलाई पुलिस

घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी और आनन-फानन में गोली लगने से घायल एयरफोर्स अफसर को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर लिया है. सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक मामले की जांच हो रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और धर पकड़ की जा रही है.

रात में साढ़े 10 बजे की वारदात

मौके पर पहुंचे डीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि यह वारदात रात में करीब 10:30 बजे की है. इस वारदात में घायल एयरफोर्स अफसर अवधेश पाठक संतकबीरनगर रहने वाले हैं. मौके पर पहुंची पुलिस टीम उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.