दागियों के सहारे सुभासपा! अजीत सिंह के हत्यारोपी पर दांव खेलेंगे ओपी राजभर, पार्टी में शामिल कराया

उत्तर प्रदेश में अजीत सिंह हत्याकांड के आरोपी प्रदीप सिंह कबूतरा ने सुभासपा जॉइन कर ली है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है. कबूतरा पर हत्यारों को लॉजिस्टिकल सपोर्ट देने और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध के आरोप हैं. विपक्ष ने भाजपा गठबंधन को अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है.

सुभासपा में शामिल हुए प्रदीप कबूतरा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित और सनसनीखेज अजीत सिंह हत्याकांड के आरोपी प्रदीप सिंह कबूतरा ने नया राजनीतिक ठिकाना ढूंढ लिया है. ब्लाक प्रमुख पति अजीत सिंह की हत्याकांड में आरोपी प्रदीप सिंह कबूतरा ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) जॉइन कर ली है. उनके साथ संजीव सिंह बंटू भी पार्टी में शामिल हुए हैं. सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दोनों नेताओं को पार्टी में शामिल कराया. इस प्रकार इन दोनों को सत्ता में सहयोगी सुभासपा का संरक्षण मिल गया है.

बता दें कि बीते 6 जनवरी 2021 को लखनऊ के विभूति खंड में ब्लॉक प्रमुख पति अजीत सिंह को दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया था. इस वारदात में प्रदीप सिंह कबूतरा का नाम प्रमुखता से सामने आया था. आरोप था कि कबूतरा ने हत्यारों को लॉजिस्टिकल सपोर्ट मुहैया कराया और वारदात के बाद उन्हें सुरक्षित ठिकाने पर पहुंचाया. जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रदीप सिंह कबूतरा का कासगंज जेल में बंद गैंगस्टर ध्रुव सिंह कुटू के साथ भी गहरा संबंध है.

लॉरेंस बिश्नोई से भी कनेक्शन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक कबूतरा के संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ भी पाए गए हैं. लॉरेंस के शार्प शूटर राजन जाट उर्फ कुणाल से कबूतरा के गहरे लिंक पाए गए थे. इन सभी कनेक्शनों को ध्यान में रखते हुए लखनऊ पुलिस ने कबूतरा पर दबाव बनाया तो प्रदीप सिंह कबूतरा को अप्रैल 2021 में आजमगढ़ में सरेंडर कर दिया था. वह लंबे समय तक जेल में रहे और हाल ही में रिहाई के बाद राजनीतिक संरक्षण के लिए सुभासपा का दामन थाम लिया है.

राजभर ने दिया ये तर्क

कबूतरा और बंदू को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलती है. राजभर समुदाय की राजनीति करने वाली सुभासपा इस समय भाजपा के साथ गठबंधन कर सरकार में शामिल है. ऐसे में प्रदीप सिंह कबूतरा जैसे विवादास्पद चेहरे के पार्टी जॉइन करने से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है. सपा प्रवक्ता मनीष सिंह और कांग्रेस प्रवका अंशु अवस्थी ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की है. कहा कि भाजपा गठबंधन अपराधियों को संरक्षण दे रहा है.

Follow Us