QR कोड, कम से कम 20 रुपये का चंदा… जन्मदिन पर अखिलेश का नया अभियान

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन पर 'PDA स्वाभिमान सहयोग अभियान' की शुरुआत की. इस अभियान के तहत कार्यकर्ता और समर्थक QR कोड के जरिए कम से कम 20 रुपये का सहयोग देकर पार्टी फंड में योगदान करेंगे. अखिलेश यादव ने कहा कि यह राशि संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में उपयोग होगी.

'PDA स्वाभिमान सहयोग अभियान' की अखिलेश ने शुरुआत की Image Credit:

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पार्टी के लिए डिजिटल फंडिंग की नई पहल ‘PDA स्वाभिमान सहयोग अभियान’ की शुरुआत की. इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक QR कोड के जरिए कम से कम 20 रुपये का सहयोग करेंगे. अखिलेश यादव का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से जुटाई गई राशि का उपयोग संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों में किया जाएगा.

अभियान की शुरुआत करते हुए अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी. इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, भाजपा की राजनीति और संविधान समेत कई मुद्दों पर केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखे हमले किए.

QR कोड से जुटाया जाएगा पार्टी फंड

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब डिजिटल माध्यम से आम लोगों की भागीदारी बढ़ाएगी. उन्होंने बताया कि PDA स्वाभिमान सहयोग अभियान के तहत प्रत्येक समर्थक से कम से कम 20 रुपये का सहयोग लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत संगठन और जनआंदोलन के लिए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है और यह अभियान आम कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने का माध्यम भी बनेगा. उन्होंने कहा, ‘पार्टी को जरूरत भी है कि और चंदा मिले.’

डिजिटल सदस्यता अभियान भी होगा शुरू

अखिलेश यादव ने बताया कि अभियान के साथ-साथ पार्टी डिजिटल सदस्यता अभियान भी शुरू कर रही है. उन्होंने कहा कि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की प्रक्रिया के दौरान जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से छूट गए हैं, उन्हें समाजवादी पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को डिजिटल तरीके से पार्टी का सदस्य बनाया जाएगा और बूथ स्तर पर ‘PDA प्रहरी’ तैयार किए जाएंगे, जो संगठन को मजबूत करेंगे.

गुरुद्वारे जाने का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने अपने हालिया गुरुद्वारा दौरे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्हें बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आमंत्रित किया गया था और वे वहां श्रद्धापूर्वक गए थे. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें अपने भंडारे में बुलाया था, उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा है, इसलिए उन्होंने डिजिटल अभियान की शुरुआत भी उन्हीं लोगों के सहयोग से करना उचित समझा.

भाजपा पर संविधान बदलने की कोशिश का आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा पर संविधान से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा, दूसरे दलों के सांसदों को तोड़कर अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाना चाहती है. उन्होंने कहा, ‘भाजपा सांसदों को तोड़कर संविधान बदलना चाहती है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मर्यादा का पहला नाम भगवान श्रीराम हैं और दूसरा नाम संविधान है, लेकिन भाजपा दोनों के साथ विश्वासघात कर रही है.’

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भी बोले

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले की जांच कर रही एसआईटी पर अखिलेश यादव ने कहा कि जांच की अवधि इसलिए बढ़ाई जा रही है ताकि कहीं ऐसा न हो कि श्रद्धालुओं का दान और चढ़ावा कम हो जाए. तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा, ‘दूध का दूध और पानी का पानी हो या न हो, लेकिन चांदी की चांदी वापस हो जाए, सोने का सोना वापस हो जाए, सोने-चांदी की खड़ाऊं वापस हो जाएं, अगर सीसीटीवी बंद कर दें और आंखें बंद कर लें तो चढ़ावा अपने आप वापस आ जाएगा.’

Follow Us