मंत्रियों के विभागों के बंटवारे पर अखिलेश का तंज,बोले- क्या इसकी पर्ची भी ऊपर से आएगी

योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बंटवारे में हो रही देरी को लेकर अखिलेश यादव ने तंज कसा है. उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर ट्वीट करते हुए पूछा है कि उत्तर प्रदेश में मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से आएगी?

हैदराबाद में समिट के दौरान अखिलेश यादव (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने मंत्रिमंडल में विस्तार कर राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की. कैबिनेट के विस्तार के 5 दिन बाद भी नवनियुक्त होने वाले मंत्रियों को विभाग आवंटित नहीं किया जा सका है. ऐसे में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अब इसको लेकर योगी सरकार पर तंज कसते हुए पूछा है कि उत्तर प्रदेश में में मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से आएगी?

अखिलेश बोले- कमीशन-कमाई के लिए डबल इंजन आपस में टकरा रहे

अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि ‘मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ़ ये है कि मंत्रालय-विभाग की ‘कमीशन-कमाई’ के बंटवारे के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं. दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नये मंत्री बने हैं वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर, गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं. भाजपाई डबल इंजन बाक़ी सब मंत्रियों को ‘डब्बा’ कर देता है.’

भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी-अखिलेश

अखिलेश ने आगे लिखा कि ‘उप्र की जनता ने ठाना है कि नये मंत्रियों को जो भी मंत्रालय-विभाग मिलेगा, उस पर पूरी तरह से निगाह-निगरानी रखी जाएगी, जिससे ये नये-नवेले मंत्रीगण अपने ख़जाने न भर सकें. इस बात के लिए काग़ज़ी प्रमाण के साथ-साथ और भी आडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किये जाएंगे और इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी.’

अखिलेश ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ‘अब जनता ही भाजपाई लोगों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने के बाक़ी सारे विभाग तो भ्रष्ट भाजपा ने बर्बाद कर ही दिये हैं. जनता को लगता है अब सोशल मीडिया और सिटिज़न जर्नलिज्म के माध्यम से ही उनको न्याय मिल सकता है .भाजपा सरकार जानती है कि ये आख़िरी बार है जब वो सत्ता में है, इसीलिए ये भाजपाई दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं. जागरूक जनता अब इन भाजपाइयों को उनके गंदे मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी.’

यूपी कैबिनेट में सदस्यों की संख्या पहुंची 60

यूपी में नवनियुक्त होने वाले मंत्रियों में पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, समाजवादी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए मनोज पांडेय, सुरेंद्र दिलेर, कृष्णा पासवान, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत के नाम शामिल हैं. वहीं, राज्यमंत्री अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोशन दिया है. योगी मंत्रिमंडल में 6 नए सदस्यों की शपथ के साथ ही अब यूपी कैबिनेट में 60 सदस्य हो चुके हैं.

Follow Us