लखनऊ अग्निकांड: मरने वालों का नाम आया सामने; CM ने किया मुआवजे का ऐलान
लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की दुखद मौत हो गई, जिनमें अधिकांश छात्र थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल और KGMU का दौरा कर पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की. साथ ही मृतक परिवारों को 5-5 लाख रुपये मुआवजे देने की की घोषणा की है.
राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है. मृतकों में 3 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं, जिनमें अधिकांश छात्र बताए जा रहे हैं. इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. साथ ही KGMU पहुंचकर घायलों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की.
मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया. सीएम ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी अधिकारी या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. साथ ही हादसे में जांच गंवाने वाले मृतक परिवारों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजे देने की घोषणा की है.
कई छत से कूदे, कुछ बाथरूम में छिपने से मौत
जिस कमर्शियल बिल्डिंग में हादसा हुआ उसके पहले मंजिल पर स्थित हेड हॉपर 3d आर्ट स्टूडियो में आग लगी थी. नीचे पेट शॉप थी उसमें जानवर थे उन्हें निकाला गया. वहीं उसके ऊपर एक कोचिंग सेंटर था. आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई. कुछ बच्चों ने अपनी जान बचाने के लिए बिजली के केबल का सहारा लिया, कई छत से कूद पड़े.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद नीचे से ऊपर जाने वाली सीढ़ियां पूरी तरह आग की चपेट में थीं, जिससे ऊपर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके. बचाव दल को इमारत की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा. घने धुएं के कारण कुछ ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी. वहीं कई लोग बाथरूम में छिप गए, जहां दम घुटने से उनकी मौत हो गई.
22-23 लोगों को KGMU लाया गया, 15 मृत थे
हादसे में मरने वाले और घायलों को तुरंत KGMU में भर्ती कराया गया. KGMU ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉ. प्रेम राज सिंह ने बताया कि अस्पताल में कुल 22-23 लोगों को लाया गया था. इनमें 15 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 8 घायल हैं. उन्होंने कहा कि घायलों में दो गंभीर हैं. अधिकांश लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शवों में अब तक जिन लोगों की पहचान हुई है, उनमें सागर (27), नीलेश (27), अनामिका (28), श्याम (30), अनुचा (25), सोमालिया (30), शाहजान (19), रुक्मणि (24), आदित्य श्रीवास्तव (23) और अब्दुल रहमान (24) शामिल हैं. अन्य शवों की पहचान की जा रही है. फिलहाल प्रशासन ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
