लखनऊ: अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, कई छात्र फंसे; छत से कूदकर बचाई जान
लखनऊ के अलीगंज में एक दुकान में भीषण आग लग गई, इसके ऊपर कोचिंग सेंटर चल रहा था. आग और धुएं के बीच कई छात्र-छात्राएं इमारत में फंस गए. जान बचाने को कुछ छत से कूदे, घायल हुए. मुख्यमंत्री ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को बचाव और राहत के निर्देश दिए.
राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में शनिवार को एक दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. जिस इमारत में आग लगी, उसके ऊपर एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था. आग और धुएं के बीच कई छात्र-छात्राएं इमारत में फंस गए. अपनी जान बचाने के लिए कुछ छात्र छत से कूद गए, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं.
आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. स्थानीय लोगों ने भी राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया. दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने आग परह काबू पाने के लिए काफी मशक्कत कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
मुख्यमंत्री ने भी आग की घटना का लिया संज्ञान
अधिकारियों के अनुसार, अफरा-तफरी में इमारत के छज्जे और छत से कूदने पर कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं. आग लगने के बाद घायलों को तत्काल KGMU ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया. चार घायल मरीजों का डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है. KGMU प्रशासन ने इलाज के लिए विशेष व्यवस्था की है और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया है. अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सीएम योगी ने घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
एक-एक कमरे की जांच की जा रही- ब्रजेश पाठक
फिलहाल, मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस-प्रशासन और दमकल टीम मौजूद हैं. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि अभी ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है. ज़्यादातर बच्चों को पहले ही निकाल लिया गया है. फायर ब्रिगेड वाले पास के घर की दूसरी मंज़िल की दीवार तोड़कर अंदर घुसे हैं.
उन्होंने कहा कि धुंआ अधिक है. एक-एक कमरे की जांच की जा रही है. 3-4 बच्चों ने खुद को वॉशरूम में बंद कर लिया था. हमारी प्राथमिकता है कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला जाए. चिकित्सा व्यवस्था अलर्ट मोड पर रखा गया है. सर्च ऑपरेशन खत्म होने के बाद हम पूरी जानकारी देंगे. वहां एक कोचिंग सेंटर, एक एनिमेशन सेंटर, और एक पेट शॉप थी.
