लखनऊ: लाइब्रेरी में आग लगने से अब तक 13 मौतें, कई झुलसे, CM योगी का आगरा दौरा रद्द

लखनऊ के अलीगंज में एक दुकान में भीषण आग लग गई, इसके ऊपर कोचिंग सेंटर चल रहा था. आग और धुएं के बीच कई छात्र-छात्राएं इमारत में फंस गए. जान बचाने को कुछ छत से कूदे, घायल हुए. इस घटना में अब तक 13 लोगों की मौत होने की पुष्टी हुई है.

लखनऊ के पुरनिया में कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग Image Credit:

लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में शनिवार को एक दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. जिस इमारत में आग लगी, उसके ऊपर एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था. आग और धुएं के बीच कई छात्र-छात्राएं इमारत में फंस गए. कुछ छात्र छत से कूद गए, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं. वहीं, हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है.

जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग के पहले मंजिल पर स्थित हेड हॉपर 3d आर्ट स्टूडियो में आग लगी थी. नीचे पेट शॉप थी उसमें जानवर थे उन्हें निकाला गया. वहीं उसके ऊपर एक कोचिंग सेंटर था. आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई. राहत-बचाव कार्य जारी है. इस बीच मुख्यमंत्री योगी भी अपना आगरा का दौरा रद्द कर घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं.

अंदर से 11 लोगों को बाहर निकाला जा चुका

अधिकारियों के अनुसार, अफरा-तफरी में इमारत के छज्जे और छत से कूदने पर कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं. आग लगने के बाद चार घायलों को तत्काल KGMU ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया. अभी तक अंदर से 11 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है. वहीं, एक व्यक्ति को लाल रंग के गीले कंबल में लपेटकर स्टेचर पर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया है.

मौके पर 2 दर्जन फायर गाड़ियां मौजूद हैं, NDRF और फायर ब्रिगेड राहत बचाव कार्य चला रही है. मौके पर डीजी फायर जेसीपी एलडीए के अधिकारी, जिलाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस-प्रशासन मौजूद है. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि अभी ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है. ज़्यादातर बच्चों को पहले ही निकाल लिया गया है.

दीवार तोड़कर अंदर घुसे हैं फायर ब्रिगेड

ब्रजेश पाठक ने बताया कि फायर ब्रिगेड वाले पास के घर की दूसरी मंज़िल की दीवार तोड़कर अंदर घुसे हैं. धुंआ अधिक है. एक-एक कमरे की जांच की जा रही है. 3-4 बच्चों ने खुद को वॉशरूम में बंद कर लिया था. हमारी प्राथमिकता है कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला जाए. चिकित्सा व्यवस्था अलर्ट मोड पर रखा गया है. सर्च ऑपरेशन जारी है.

वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया है. अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सीएम योगी ने घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

Follow Us