अमिताभ, शाहरुख, सलमान… स्टार्स के गुटखा प्रचार पर कोर्ट ने CCPA पर लगाया जुर्माना
कई अभिनेताओं और क्रिकेट स्टार्स को गुटखा और पान मसाला कंपनियों का प्रचार करते देखा गया. ऐसा करने के चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. अब इस मसले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) पर 5,500 रुपये का हर्जाना लगाया है.
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने गुटखा और पान मसाला कंपनियों द्वारा स्टार क्रिकेटरों व फिल्म अभिनेताओं के जरिए प्रचार के मामले में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) पर 5,500 रुपये का हर्जाना लगाया है. न्यायमूर्ति राजन राय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने स्थानीय अधिवक्ता मोतीलाल यादव की जनहित याचिका पर यह आदेश दिया.
कोर्ट ने CCPA से किए ये सवाल
कोर्ट ने 25 नवंबर 2025 को CCPA से साफ पूछा था कि याचिकाकर्ता द्वारा 2023 में दिए गए प्रत्यावेदन पर जांच अभी तक क्यों लंबित है? प्राधिकरण की ओर से पेश अधिवक्ता ने बताया कि जवाबी शपथ-पत्र तैयार है, लेकिन खंडपीठ इस जवाब से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हुई. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि इस मुद्दे पर गहन विचार की जरूरत है.
इन क्रिकेट और बॉलीवुड स्टार्स को बनाया गया है पक्षकार
याचिका में गुटखा-पान मसाला कंपनियों के अलावा क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव, सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग और क्रिस गेल को भी विपक्षी बनाया गया है. फिल्मी दुनिया से अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन, सलमान खान, ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ, सैफ अली खान और रणवीर सिंह को पक्षकार बनाया गया है.
युवाओं और समाज में गलत संदेश जा रहा है
याचिकाकर्ता का कहना है कि ये सभी हस्तियां जिनमें से ज्यादातर पद्म पुरस्कार विजेता हैं.पान मसाला उत्पादों का प्रचार कर युवाओं और समाज में गलत संदेश दे रही हैं. ऐसे विज्ञापन उपभोक्ता संरक्षण कानूनों का सीधा उल्लंघन हैं और युवा पीढ़ी को नुकसान पहुंचा रहे हैं.कोर्ट ने इस जनहित याचिका को गंभीरता से लिया है और CCPA की देरी पर नाराजगी जताई.
कई स्टार्स करना पड़ा है आलोचना का सामना
बता दें कई अभिनेताओं और क्रिकेट स्टार्स को गुटखा और पान मसाला कंपनियों का प्रचार करते देखा गया. ऐसा करने के चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. उनकी ट्रोलिंग भी हुई है, जिसके बाद कुछ स्टार्स ने इस तरह के कंपनियों के विज्ञापन को करने से इनकार करते हुए किनारा कर लिया.
