लखनऊ: अपर्णा यादव के खिलाफ थाने पहुंचे सपा कार्यकर्ता, पार्टी झंडा जलाने मामले में दी तहरीर
लखनऊ में राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के खिलाफ हजरतगंज थाने में सपा कार्यकर्ताओं ने तहरीर दी है. उन पर सपा-कांग्रेस के झंडे जलाने का आरोप है. समाजवादी पार्टी का कहना है कि इस कृत्य से करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और यह समाज में उन्माद पैदा कर सकता है.
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अपर्णा यादव द्वारा समाजवादी पार्टी का झंडा जलाने का मामला तूल पकड़ते जा रहा है. सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को लखनऊ के हजरतगंज थाने में अपर्णा यादव के खिलाफ तहरीर दी है. पार्टी का कहना है कि इस कृत्य से करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और यह समाज में उन्माद पैदा कर सकता है.
सपा के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप कुमार और अन्य नेताओं ने थाने में तहरीर देकर अपर्णा यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. भाजपा नेता अपर्णा यादव पर शुक्रवार की देर रात विधानसभा के सामने सपा और कांग्रेस का झंडा जलाने का आरोप है. जब उन्होंने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पारित न होने के विरोध में प्रदर्शन किया था.
प्रदेश में कभी भी अमन चैन बिगड़ सकता है- सपा
सपा कार्यकर्ताओं ने तहरीर में कहा कि राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने अपने समर्थको के साथ विधान भवन
लखनऊ के सामने समाजवादी पार्टी का झंडा जलाया, जो घोर निन्दनीय है. इससे हम करोड़ों समाजवादी लोगों की भावनाएं बेहद आहत हुई हैं और पार्टी के लोगो मे भारी आक्रोश है. यह कृत्य समाज मे उन्माद पैदा करने वाला है.
आरोप है कि अपर्णा यादव द्वारा समाजवादी पार्टी का झंडा जलाने से प्रदेश में कभी भी अमन चैन बिगड़ सकता है और यह कृत्य घोर अपराध की श्रेणी में आता है. तहरीर में अपर्णा यादव और उनके समर्थको के खिलाफ भारतीय न्याय सहिंता की सुसंगत धाराओ में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कानूनी कार्यवाही करने की मांग की गई है.
विपक्ष को ‘नारी विरोधी’ बताते हुए जलाए थे झंडे
अपर्णा यादव ने महिला आरक्षण बिल संसद में गिरने के बाद समर्थकों के साथ प्रदर्शन कर सपा-कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की थी. साथ ही विपक्ष को ‘नारी विरोधी’ बताते हुए झंडे जलाए थे. उन्होंने कहा कि बिल का गिरना महिलाओं के अधिकारों के साथ विश्वासघात है. विपक्ष ने अपना असली चेहरा दिखा दिया है, देश की महिलाएं उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी.
