खुशखबरी… लखनऊ में अब 7 नहीं 10 साल की आसान किस्तों पर मिलेगा फ्लैट, ब्याज दर में भी शानदार छूट

लखनऊ के अटल नगर आवासीय योजना के 630 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से 17 मई फिर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का विंडो खोला गया है. इनमें एक बीचके के 539 और 02 बीचके के 91 फ्लैट्स शामिल हैं.अब इन फ्लैट्स के कीमत का भुगतान आंवटियों को 7 नहीं 10 साल के अंदर 120 आसान किस्तों में करना होगा. साथ ही ब्याज दर में भी उन्हें 2 प्रतिशत की छूट मिलेगी.

अटल नगर आवासीय योजना ( प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

लखनऊ में घर का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. LDA ने अपनी सबसे किफायती हाउसिंग स्कीम को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अटल नगर आवासीय योजना में अब आप 10 साल की आसान किस्तों और कम ब्याज दरों पर फ्लैट ले सकेंगे. इसकी घोषण खुद लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने की. एलडीए का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

अटल नगर योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं. इन फ्लैट्स का क्षेत्रफल 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर तक है. इनकी कीमत 9.83 लाख रूपये से शुरू होती है. फिलहाल, अधिकांश फ्लैटों का लॉटरी से आंवटन किया जा चुका है. हालांकि, शेष 630 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से 17 मई फिर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का विंडो खोला गया है. इनमें एक बीचके के 539 और 02 बीचके के 91 फ्लैट्स शामिल हैं.

एलडीए की पुरानी व्यवस्था के तहत इन फ्लैट्स के लिए आवंटियों को 9 प्रतिशत के वार्षिक ब्याज दर पर 07 वर्ष की 84 किश्तों में भुगतान करना था. ऐसे में फ्लैट की मासिक किश्त लगभग 15,000 रुपये बन रही थी. कई लोगों ने इससे उनके बजट पर बोझ बढ़ने की बात कही थी. ऐसे में एलडीए की तरफ से इसपर समीक्षा की गई. अब तकरीबन 10 साल में 120 किस्तों में आंवटी इन फ्लैट्स की कीमतों का भुगतान कर सकते हैं.

ब्याज दर में 2 प्रतिशत की छूट

आवंटियों के लिए ब्याज दर में भी 2 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है. अब 09 प्रतिशत की जगह 07 प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर पर ही इस राशि का भुगतान करना होगा. इलसे फ्लैट की मासिक किश्त लगभग 10,767 रुपये बनेगी. पहले के कंपेरिजन में यह तकरीबन 4 हजार रुपये कम होगी. इससे आवंटियों के मासिक बजट पर बोझ भी कम पड़ेगा.

15 दिनों में 642 लोगों को रजिस्ट्रेशन

बता दें कि 1 बीएचके के फ्लैट के लिए 55,658 रूपये और दो बीएचके के फ्लैट के लिए 1,00852 रूपये रजिस्ट्रेशन फीस निर्धारित की गई है. अगर आपके नाम पर फ्लैट आवंटित नहीं हो पाता है, तो आपको ये राशि वापस कर दी जाएगी. फिलहाल, इन 630 फ्लैट के लिए 15 दिनों में 642 लोगों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण करा लिया है.

Follow Us