राम मंदिर केस: ’20 हजार करोड़ का घपला’, राम गोपाल ने लगाया आरोप तो डिप्टी CM का पलटवार

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है. सपा नेता राम गोपाल यादव ने मंदिर निर्माण और चंदे में 20 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाया. वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आरोपों को सनातन संस्कृति का अपमान बताते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया. भाजपा विधायक अनिल सिंह के विवादित बयान से भी राजनीतिक बहस तेज हो गई.

सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव Image Credit: फाइल फोटो

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के कथित मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. एक ओर समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने राम मंदिर निर्माण और चंदे में 20 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाया है. वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा पर सनातन संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी.

इस बीच उन्नाव से भाजपा विधायक अनिल सिंह ने भी विवादित बयान देते हुए कहा कि मंदिर में चोरी करने वालों को भगवान स्वयं दंड देंगे. राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में एसआईटी की जांच जारी है. इस बीच नेताओं के बयानों ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है.

रामगोपाल बोले- ’20 हजार करोड़ का घपला हुआ’

इटावा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने राम मंदिर से जुड़े वित्तीय मामलों पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, ‘कम से कम 20 हजार करोड़ रुपये का घपला हुआ है. इसमें बड़े-बड़े लोग शामिल हैं. लोगों ने 50-50 किलो सोना दान दिया, लेकिन उसका कोई हिसाब नहीं है. हीरे के हार दिए गए, पता नहीं वे कहां चले गए.’रामगोपाल यादव ने कहा कि इस अत्याचारी शासन से मुक्ति अखिलेश यादव ही दिला सकते हैं.

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का पलटवार

रामगोपाल यादव के आरोपों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, ‘समाजवादी पार्टी ने हमेशा सनातन संस्कृति का अपमान किया है… इन्हीं लोगों की सरकार में कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं… जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी.’ उन्होंने कहा, ‘अयोध्या मामले की निष्पक्ष जांच होगी… किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा… अयोध्या हमारे विकास एजेंडे में सबसे ऊपर है.’

बीजेपी विधायक अनिल सिंह का विवादित बयान

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर उन्नाव की पुरवा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल सिंह ने भी विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा, ‘जिन लोगों ने मंदिर में चोरी की है, उन्हें कैंसर होगा… भगवान की तरफ से उन्हें सजा मिलेगी… एक साल बाद देखना, उन्हें कैंसर हो जाएगा… सरकार भी ऐसा दंड देगी कि उनकी सात पुश्तें याद रखेंगी.’ उन्होंने आगे कहा, ‘प्रभु श्रीराम ऐसा दंड देंगे कि वे तड़प-तड़प कर मरेंगे.. मंदिर में चोरी करने का अंजाम उन्हें भुगतना ही पड़ेगा.’

एसआईटी कर रही है जांच

उधर, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है. जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है और सूत्रों के अनुसार एसआईटी चढ़ावा चोरी के अलावा कर्मचारियों की नियुक्तियों, वित्तीय लेनदेन, जमीन खरीद, आय-व्यय के रिकॉर्ड और अन्य प्रशासनिक पहलुओं की भी जांच कर रही है. मामले में अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच एजेंसियां दस्तावेजों के साथ ही वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं.

Follow Us