डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के घर BJP कोर कमेटी की बैठक में हुए ये बड़े फैसले, 9 साल में पहली बार सीएम योगी नहीं हो सकें शामिल
उत्तर प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर हुई. हालांकि, इस बैठक में सीएम योगी शामिल नहीं हो सकें. इस बैठक के दौरान 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए कई प्रस्तावित फैसलों पर मंथन हुआ.
रविवार यानी 22 मार्च को उत्तर प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर हुई. बैठक में दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी रही, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसमें शामिल नहीं हो सके. बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के गठन, जिला कमेटियों के बाद अब प्रदेश स्तर की कमेटी बनाने और बोर्ड-आयोग-निगमों में भाजपा कार्यकर्ताओं के समायोजन पर विस्तृत चर्चा हुई.
चुनावी तैयारियों को तेज करने पर जोर
सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित नामों पर अंतिम मुहर अब दिल्ली में लगेगी. बैठक करीब एक घंटे तक चली. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे. बैठक में महामंत्री, उपाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मीडिया टीम तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों के नामों पर गहन मंथन हुआ. जिला स्तरीय कमेटियों का गठन लगभग पूरा हो चुका है, इसलिए अब प्रदेश कमेटी बनाने और चुनावी तैयारियों को तेज करने पर जोर दिया गया.
पंकज चौधरी ने सीएम योगी को दी चर्चा की जानकारी
सूत्र बताते हैं कि संगठन में जगह न बन पाने वाले या जिन्हें हटाया जाना है, ऐसे कार्यकर्ताओं को बोर्ड, निगम और आयोगों के खाली पदों पर समायोजित करने का प्रस्ताव रखा गया. सभी नेताओं ने इस पर सहमति जताई. इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संघ के साथ भी इन मुद्दों पर बैठक हो चुकी है. बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने फोन पर सीएम योगी को पूरी चर्चा की जानकारी दी और सूची लेकर दिल्ली रवाना हो गए.संसद सत्र चलने के कारण वे दिल्ली में ही रहेंगे.
अब दिल्ली में होगी उच्च स्तरीय बैठक
माना जा रहा है कि दो-तीन दिन के अंदर दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसमें नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा और सूची जारी कर दी जाएगी. बैठक के बाद नेताओं ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, “प्रदेश के विकास एवं संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई.” उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की बात कही.बाद में मीडिया से बातचीत में मौर्य ने कहा कि 2027 में भाजपा की फिर से सरकार बनाने और सपा को सैफई भेजने की रणनीति पर भी चर्चा हुई.
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी
वहीं, ब्रजेश पाठक ने संगठन की बैठक बताया और कहा कि जनकल्याण, प्रदेश विकास तथा संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बात हुई.तीनों नेताओं ने बैठक की फोटो भी अपने-अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट की.यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है.जिला कमेटियों के गठन के बाद प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान देने की कवायद तेज हो गई है.सूत्रों का कहना है कि सूची जल्द जारी होने की पूरी संभावना है.