19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री… बीजेपी की नई प्रदेश टीम का ऐलान, जानिए किसे मिला कौन-सा पद?

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, कई प्रदेश मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष और मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है. पार्टी ने संगठन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ युवा और अनुभवी नेताओं को तवज्जो दिया है.

यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (फाइल फोटो) Image Credit:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में अपने नए प्रदेश संगठन की घोषणा कर दी है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, मीडिया और सोशल मीडिया प्रभारियों समेत संगठन के विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं. पार्टी ने आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है.

नई टीम में कई अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, वहीं युवा चेहरों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों को भी स्थान मिला है. राजनीतिक जानकार इसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से भाजपा का बड़ा संगठनात्मक कदम मान रहे हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सूची में पिछड़ा वर्ग, दलित, महिला और विभिन्न क्षेत्रीय समूहों को प्रतिनिधित्व देकर भाजपा ने व्यापक सामाजिक संदेश देने की कोशिश की है.

19 उपाध्यक्ष और 8 महामंत्री बनाए गए

भाजपा की नई प्रदेश टीम में सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दर्वि विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉ. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय और आलोक गुप्ता को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है.

वहीं रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

मंत्रियों की लंबी सूची में कई नए चेहरे

प्रदेश संगठन में मंत्री पद पर भी बड़ी संख्या में नेताओं को जगह दी गई है. इनमें विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर, प्रमेन्द्र जांगड़ा विश्वकर्मा, किरण लोधी निषाद, राकेश बिंद, संचिता सिंह चौहान, रजनी पांडेय, राहुल वाल्मीकि, महामेधा नागर, दीपमाला संतोषी, सुहासिनी जायसवाल, यतेंद्र शर्मा और आकांक्षा सोनकर शामिल हैं.

छह क्षेत्रों के अध्यक्षों का भी ऐलान

भाजपा ने प्रदेश संगठन के साथ-साथ क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की है. पार्टी ने पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्रों के लिए अलग-अलग अध्यक्ष नियुक्त किए हैं.

पश्चिम क्षेत्र – नबाब सिंह नागर
ब्रज क्षेत्र – पूरन लाल लोधी
कानपुर क्षेत्र – राम किशोर साहू
अवध क्षेत्र – अवधेश द्विवेदी
काशी क्षेत्र – अशोक चौरसिया
गोरखपुर क्षेत्र – विनोद राय

मीडिया और सोशल मीडिया पर भी फोकस

भाजपा ने नई टीम में मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया है. दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है, जबकि मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक और हिमांशुराज पंडित को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी सूत्रों का मानना है कि आगामी चुनावों में सोशल मीडिया और डिजिटल प्रचार की बढ़ती भूमिका को देखते हुए इन पदों को विशेष महत्व दिया गया है.

भाजपा ने विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा की है।

युवा मोर्चा – रोहित मिश्रा
पिछड़ा मोर्चा – प्रकाश पाल
किसान मोर्चा – देवेंद्र सिंह
अनुसूचित मोर्चा – अशोक रावत
महिला मोर्चा – सरोज कुशवाह
अनुसूचित जनजाति मोर्चा – विद्याभूषण गोंड

2027 मिशन की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा फैसला

भाजपा की इस नई टीम को सिर्फ संगठनात्मक फेरबदल नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है. पार्टी ने अनुभव और युवा नेतृत्व के मिश्रण के साथ ऐसी टीम बनाने की कोशिश की है जो प्रदेशभर में संगठन को और मजबूत कर सके. नई नियुक्तियों में क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है. यही वजह है कि संगठन में ओबीसी, दलित, महिला और विभिन्न क्षेत्रों के नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारियां दी गई हैं.

Follow Us