बसपा से आकाश के ससुर फिर बर्खास्त, अब दोबारा नहीं वापसी; मायावती का बड़ा बयान

पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को एक बार फिर बसपा से बाहर कर दिया गया है. मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए यह जानकारी दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अशोक सिद्धार्थ को अब भविष्य में किसी भी स्थिति में दोबारा वापस नहीं लिया जाएगा.

बसपा से अशोक सिद्धार्थ फिर हुए बाहर Image Credit:

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी में बड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को एक बार फिर पार्टी से बाहर कर दिया है. मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए यह जानकारी दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अशोक सिद्धार्थ को तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर किया गया है. अब भविष्य में उन्हें किसी भी स्थिति में दोबारा वापस नहीं लिया जाएगा.

अशोक सिद्धार्थ, बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक रह चुके हैं. बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद के ससुर भी हैं, इसलिए भी उनका नाम चर्चा में रहता है. मायावती ने अपनी पोस्ट में बताया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण को लेकर प्रदेश नेतृत्व के साथ तालमेल न रखने, अनुशासनहीनता और पार्टी निर्देशों के उल्लंघन के आरोप में अशोक सिद्धार्थ को पहले भी पार्टी से निकाला गया था. बाद में इस शर्त पर उन्हें दोबारा मौका दिया गया कि वे भविष्य में ऐसी गलती नहीं करेंगे.

लगातार शिकायतों के बाद एक्शन

मायावती ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि पहली बार बर्खास्तगी के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश की बजाय कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई थी. वहां भी उनके खिलाफ लगातार अनुशासनहीनता और पार्टी के निर्देशों की अनदेखी की शिकायतें मिलती रहीं. इसके बाद उन्हें कई बार चेतावनी दी गई, बावजूद इसके सुधार नहीं होने पर शनिवार को उन्हें सभी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था.

यूपी वापसी की फैलाई अफवाह

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में वापसी की अफवाहें फैलाई और पार्टी में भ्रम पैदा करने और 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान को प्रभावित करने की कोशिश की. इसी कारण उन्हें अब स्थायी रूप से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है. मायावती ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ही सहारनपुर के रहने वाले रणधीर सिंह बेनीवाल को भी पार्टी से बाहर करने की घोषणा की है. बेनीवाल को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी दी गई थी. उनके ऊपर भी अनुशासनहीनता और पार्टी निर्देशों के उल्लंघन का आरोप है.

रामजी गौतम को पंजाब का प्रभार

बसपा प्रमुख ने बताया कि संगठन में हाल ही में किए गए फेरबदल के तहत राज्यसभा सांसद रामजी गौतम को अन्य राज्यों के साथ-साथ पंजाब का प्रभारी बनाया गया है. वे आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा चुनाव तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे. मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी ने नीतिगत फैसला लिया है कि उत्तर प्रदेश के जो वरिष्ठ पदाधिकारी या कोऑर्डिनेटर अन्य राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें उत्तर प्रदेश में कोई संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी.

Follow Us