लिव-इन भी एक परिवार, किराएदार भी होंगे शामिल; डिजीटल जनगणना में हैं ये 33 सवाल

भारत सरकार की जनगणना 2027 शुरू हो गई है. इस बार लिव-इन रिलेशनशिप को परिवार माना गया है और इसमें किराएदारों को भी शामिल किया गया है. आप 'स्व-गणना पोर्टल' से ऑनलाइन या ऑफलाइन खुद जानकारी भर सकते हैं. प्रक्रिया केवल 15-20 मिनट की है, जिसमें घर, परिवार और सुविधाओं से जुड़े 33 सवालों के जवाब देने होंगे. डेटा सबमिट करने के बाद SE-ID मिलेगी, जिसका लोकल स्तर पर सत्यापन कराना होगा.

भारत की जनगणना 2027 Image Credit:

भारत सरकार ने जनगणना 2027 की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए उत्तर प्रदेश में व्यापक तैयारियां की गई है. इस बार की जनगणना में कई नए बिंदुओं को शामिल किया गया है. जैसे कि लिव-इन को इस बार एक परिवार की तरह से माना गया है. इसी प्रकार किराए पर रहे रहे लोगों के लिए भी विकल्प दिया गया है. बड़ी बात यह कि जनगणना में अपने परिवार का विवरण सेल्फ एनुमेरेशन पोर्टल के जरिए लोग खुद भी भर सकेंगे. इस बार की जनगणना में घर के बारे में ही जानकारी देनी है.

यह जनगणना प्रक्रिया ऑफलाइन तो है ही, इसे ऑनलाइन भी कर सकते हैं. चरणवद्ध तरीके से जनगणना भरने के बाद जेनरेट होने वाली आईडी के साथ आप इसका लोकल वैरिफिकेशन करा सकते है. यह प्रक्रिया बहुत आसान है. यहां हम आपकी सहायता के लिए पूरी प्रक्रिया बताएंगे. साथ ही यह भी बता रहे हैं कि इसमें कौन-कौन से विवरण देने हैं. जनगणना-2027 की प्रक्रिया में ज्यादा जानकारी आपको अपने घर के बारे में देनी है. बताना है कि आप किस प्रकार के घर में रहते हैं? खुद का है या किराए का है? आपके घर में कौन-कौन सी सुविधाएं हैं? इसमें आप अपने घर से ही इसकी जानकारी भरने के बाद गूगल लोकेशन भी ऐड कर सकते हैं.

जनगणना में आप कैसे हो सकते हैं शामिल?

जनगणना 2027 की पूरी प्रक्रिया महज 15 से 20 मिनट की है. इसमें आप अपने परिवार की पूरी जानकारी ऑनलाइन अपडेट कर सकेंगे. डाटा सबमिट होने के बाद एसई-आईडी यानी स्व-गणना आईडी जेनरेट हो जाएगी. इसे आप लोकल स्तर पर वेरेफाई करा सकते हैं. इसके लिए पहले आपको अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर जनगणना पोर्टल se.census.gov.in सर्च करना होगा.

पोर्टल खुलने पर पहले अपने राज्य उत्तर प्रदेश में जाएंगे और कैप्चा भरकर ‘वेरिफाई एंड प्रोसीड’ बटन पर क्लिक करेंगे. फिर परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर लिखकर रजिस्टर करेंगे. एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नंबर मान्य है. इसमें ई-मेल का भी कॉलम है, लेकिन ये ऑप्शनल है. आप चाहें तो छोड़ भी सकते हैं.

अपनी भाषा में आगे बढ़े

इतना करने के बाद आपको अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी. ये ऑप्शन केवल एक ही बार मिलेगा. बाद में आप भाषा नहीं बदल पाएंगे. इतना करने के बाद मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा. इसे वेरिफाई करने के बाद अपना जिला और पिनकोड डालिए. यहां आपको बताना पड़ेगा कि आपका घर जहां है, वो शहर है या गांव. इसके लिए लैंडमार्क सर्च बटन पर क्लिक करके मैप पर लोकेशन मार्क करना होगा. फिर सेव एंड कंटीन्यू बटन पर क्लिक कर आप आगे बढ़ सकेंगे.

इसके बाद आपसे कुछ सवाल पूछे जाएंगे. इन सवालों के जवाब देने के बाद आप प्रीव्यू वर्जन में इन्हें देख सकेंगे और आवश्यकता के मुताबिक एडिट भी कर सकेंगे. आखिर में सबमिट बटन पर क्लिक करना होगा. इतना करने पर आपको 11 अंकों की एसई-आईडी मिलेगी, जिसका लोकल वेरिफिकेशन कराकर अपने डेटा को स्वीकृत करा सकते हैं.

पहले चरण में देना है घर का ब्यौरा

जनगणना 2027 के पहले चरण में कुल 33 सवाल रखे गए हैं. इसमें घर की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं, परिवार के सदस्यों की संख्या, संपत्ति के बारे में पूछा गया है. पहली बार इस जनगणना में लिव इन कपल्स का ब्यौरा भी लिया जा रहा है. सबसे पहले घर का विवरण देना है. यानी जिस घर में रह रहे हैं, उसका नंबर, घर का उपयोग (आवासीय, व्यावसायिक या अन्य श्रेणी), घर कच्चा या पक्का या रहने लायक, घर की दीवार, छत और फर्श में उपयोग में लाई गई मुख्य सामग्री आदि का विवरण देना होगा.

दूसरे चरण में देनी है परिवार की जानकारी

घर का विवरण भरने के बाद परिवार का विवरण देना है. इसमें परिवार का नंबर और परिवार में सदस्यों की संख्या के साथ उनका विवरण बताना है. इसमें परिवार के मुखिया का नाम और उनके लिंग का विवरण देना है. साथ ही बताना है कि परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति, जनजाति या अन्य श्रेणी से तो नहीं है, यदि है तो इसका भी विवरण देना है. फिर घर के स्वामित्व की स्थिति भी बतानी होगी. बताना होगा कि घर आपका है या आप किराए पर रहते हैं. आपका घर कितने कमरों का है और आपके घर में विवाहित जोड़े कितने हैं.

सुविधा का ब्यौरा भी देना है

जनगणना फार्म के तीसरे हिस्से में परिवार को उपलब्ध सुविधाओं का विवरण देना है. इसमें बताना है कि मकान में पेयजल और बिजली का मुख्य स्रोत क्या है, शौचालय तथा गंदे पानी की निकासी की क्या व्यवस्था है, मकान में बाथरूम है या नहीं. रसोई घर और एलपीजी या पीएनजी कनेक्शन है कि नहीं, घर में खाना किस ईंधन से पकता है. यह भरने के बाद संपत्ति का विवरण देना है.

इसमें परिवार की कुल संपत्ति और डिजिटल रीच की जानकारी देनी है. बताना होगा कि परिवार के पास रेडियो, ट्रांजिस्टर और टेलीविजन है या नहीं, इंटरनेट, लैपटॉप, कंप्यूटर, टेलीफोन, मोबाइल या स्मार्टफोन है कि नहीं? अगर है तो कितनी संख्या में है? इसमें वाहनों की संख्या भी बतानी है. इसमें साइकिल से कार-जीप तक शामिल हैं. घर में उपभोग किया जाने वाले मुख्य अनाज के बारे में भी पूछा गया है.

Follow Us