यह देश का विजनरी बजट… CM योगी ने की तारीफ, बोले- 11 वर्षों में नजर आया विकसित भारत का संकल्प
सीएम योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट 2026 का स्वागत करते हुए इसे 'विजनरी' बताया. उन्होंने कहा कि यह बजट सुधार, विकास और वित्तीय अनुशासन का स्पष्ट प्रतीक है. पीएम मोदी के नेतृत्व में देश समावेशी विकास की ओर अग्रसर है, भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर है और 'नेशन फर्स्ट' के कर्तव्य बोध पर बल देता है.
लोकसभा में रविवार को पेश केंद्रीय बजट-2026 का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया है. बजट भाषण पर सीएम योगी ने 24 घंटे बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक विजनरी बजट है और इसमें रिफॉर्म, गोथ और फिक्सल डिसिप्लिन साफ नजर आ रहा है. उन्होंने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इससे देश का समावेशी विकास होगा.
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम योगी ने कहा कि बीते साढ़े 11 वर्षों में पीएम मोदी के नेतृत्व में जो यात्रा शुरू हुई है, उसका इंपैक्ट धरातल पर नजर आने लगा है. आज योजनाएं सिर्फ कागजों में सिमट कर नहीं रहतीं, बल्कि इन योजनाओं से पूरा देश लाभांवित हो रहा है. उत्तर प्रदेश में ही इन योजनाओं के बदौलत 25 करोड़ से अधिक आबादी गरीबी रेखा से उबर कर आत्मगौरव की अनुभूति कर रही है. बल्कि भारत की प्रगति में भी अपना योगदान दे रही है.
तीसरी अर्थव्यवस्था बन रहा भारत
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर है. यह हरेक भारतवासी के लिये गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि जब नीति स्पष्ट हो और नियत साफ हो तो परिणाम भी ऐसे ही आते हैं. बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री जी का हर भारतवासी के लिए यही आग्रह रहा है कि नेशन फर्स्ट के भाव से काम करना है. इसमें अपने कर्तव्यों की भी बात करनी चाहिए. जब 2015 में प्रधानमंत्री जी ने 26 नवंबर की तिथि को संविधान दिवस के रूप में घोषित किया, उस समय उन्होंने आह्वान किया था कि हम मौलिक अधिकारों की बात तो करते हैं, लेकिन अपने मूल कर्तव्यों की चर्चा नहीं करते. यह बजट है जो कर्तव्य भवन से बनकर सामने आया है.
कर्तव्यों का एहसास कराएगा बजट
उन्होंने कहा कि यह बजट हर भारतीय को अपने कर्तव्य का एहसास कराने का आग्रह कर रहा है. इसमें राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बोध और भविष्य की जिम्मेदारी भी दिखाई देती है. युवा शक्ति संचालित, गरीब वंचित केंद्रित विकास और समान रूप से पूरे देश के अंदर एक समावेशी विकास को ध्यान में रखकर वर्ष 2026-27 का यह बजट वित्त मंत्री जी ने देश की संसद में प्रस्तुत किया है. बजट में जो चीजें हमें देखने को मिली हैं, उनमें रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन बहुत स्पष्ट रूप से हमें देखने को मिला है.
ग्रामीण उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मार्केट
सीएम योगी के मुताबिक इस बजट में कई ऐसे प्रावधान किए गए हैं, जिनसे ग्रामीण उत्पादों को ग्लोबल मार्केटिंग नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा. जो हमारे कारीगर हैं, उनके उत्पाद हैं, उनको बेहतर मूल्य प्राप्त होगा, स्थानीय स्तर पर विकसित भारत जी राम जी के माध्यम से मार्केट विकसित करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि हमारा एमएसएमई सेक्टर बहुत बड़ा है और ग्रामीण क्षेत्र में काम करता है. ‘एक जनपद एक उत्पाद’ के माध्यम से और ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान’ और ‘पीएम विश्वकर्मा’ के माध्यम से हमने उसको पहले ही प्रमोट किया है. इसका लाभ ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना’ में मिलना स्वभाविक है.
