‘भाषा पर नियंत्रण रखें…’, विवादित बयान देकर घिरे राजकुमार भाटी को अखिलेश यादव की चेतावनी
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी अपने विवादित बयानों के कारण एक बार फिर चर्चा में हैं. पहले ब्राह्मणों, अब जाट-गुर्जर समाज पर टिप्पणी करके घिर गए हैं. इस बीच अखिलेश यादव ने उन्हें सामाजिक सद्भाव, संयमित भाषा और व्यवहार पर संयम बनाए रखने की चेतावनी दी है. दूसरी तरफ हिंदू संगठन हमलावर है.
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में हैं. उन्होंने पहले ब्राह्मणों और अब मुजफ्फरनगर में जाट-गुर्जर समाज पर टिप्पणी करके घिर गए हैं. इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें भाषा और व्यवहार पर संयम बरते और किसी धर्म या जाति के खिलाफ बयान न देने को लेकर चेतावनी दी है.
अखिलेश यादव ने रविवार को राजकुमार भाटी को पार्टी मुख्यालय लखनऊ में बुलाया. इस दौरान उन्होंने जहां राजकुमार भाटी को किसी धर्म और जाति के खिलाफ बयान न देने की चेतावनी दी. वहीं, सभी कार्यकर्ताओं को अपनी भाषा में संतुलन बरते की निर्देश दिया. साथ ही कहा कि ऐसी कोई बात न करें जिससे कोई अपने को अपमानित या आहत महसूस करे.
सपा के ब्राह्मण नेताओं ने की थी भाटी की शिकायत
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाकर ही सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जा सकती है. इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी को एकजुट रहना होगा. समाजवादी पार्टी की सामाजिक नीति में सबका सम्मान निहित है. पीडीए समाज सभी वर्गों के अलावा पीड़ित अगड़े-पिछड़े, आधी आबादी महिला को अपने से जोड़ती है.
उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि पीडीए सामाजिक न्याय की लड़ाई का भी प्रभावी माध्यम है. पीडीए की एकता से ही 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाया जा सकेगा और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा. बीते दिनों राजकुमार भाटी के विवादित बयानों पर सपा के ब्राह्मण नेता अमिताभ बाजपेई ने अखिलेश से शिकायत की थी.
मुजफ्फरनगर में राजकुमार भाटी पर विवादित ऐलान
वहीं, दूसरी ओर मुजफ्फरनगर में राजकुमार भाटी के जाट और गुर्जर समाज की पारिवारिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने को लेकर घमासान मचा हुआ है. संयुक्त हिंदू मोर्चा के अध्यक्ष मनोज सैनी ने तो राजकुमार भाटी पर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि जो कोई भी भाटी को जूते मारेगा उसे एक जूता मारने पर 1100 रुपये देने का इनाम दिया जाएगा.
उन्होंने ने कहा है कि जब भी कभी राजकुमार भाटी मुजफ्फरनगर के अंदर आएंगे तो उनका मुंह काला किया जाएगा .उन्होंने ये भी कहा कि राजकुमार भाटी को अगर हिंदू समाज में इतनी कमियां दिखाई देती है तो उनको मुस्लिम धर्म ग्रहण कर लेना चाहिए, लेकिन हमारे हिंदू समाज की सम्मानित जातियों को अपवित्र करने का कार्य ये बार-बार ना करें.
