6 महीने पहले शादी, ससुराल में फंदे से लटकी मिली लाश; अब लखनऊ में भी ‘ट्विशा शर्मा’ जैसा केस
भोपाल की ट्विशा शर्मा जैसी दुखद घटना अब लखनऊ में भी सामने आई है. शादी के मात्र छह महीने बाद एक 29 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला. परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है, जिससे न्याय की उम्मीद जगी है.
भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई कि ठीक ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी हो गया है. यहां ठाकुरगंज इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छह महीने पहले ही शादी हुई थी, लेकिन अब इस विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है. सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
लखनऊ पुलिस के मुताबिक ठाकुरगंज के काशी विहार कॉलोनी में रहने वाली 29 वर्षीय श्वेता सिंह का शव सोमवार की सुबह फंदे से लटका मिला. मूल रूप से ठाकुरगंज के ही विश्वनगर मल्हाई टोला निवासी श्वेता की शादी छह महीने यानी 22 नवंबर 2025 को काशी विहार निवासी शिवम सिंह के साथ हुई थी. सूचना मिलने पर पहुंचे श्वेता के माता-पिता और भाई ने शिवम और उसके घर वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और फंदे से लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया है.
पंचनामा के बाद जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. परिजनों के मुताबिक शिवम एक निजी लैब में काम करता है. श्वेता के पिता उमेश कुमार सिंह के मुताबिक शादी के बाद से ही उनकी बेटी ससुराल में खुश नहीं थी. ससुराल वाले लगातार उसे दहेज में कीमती सामान की डिमांड करते थे. डिमांड पूरी ना होने पर उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.
मायके से लौटते ही ले ली जान
श्वेता के भाई आशुतोष सिंह के मुताबिक उनकी मां सविता सिंह बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. उन्हें देखने के लिए श्वेता शनिवार की रात अस्पताल में आई और फिर वापस लौट गई. लेकिन अगले ही दिन यानी रविवार को ही ससुराल से उसके फांसी पर लटकने की सूचना आ गई. आशुतोष के मुताबिक यह कोई सामान्य घटना नहीं है. यह पूरी वारदात एक साजिश के तहत अंजाम दी गई है.
सबूत मिटाने की हुई है कोशिश
आशुतोष ने बताया कि सूचना मिलते ही वह यहां पहुंच गए थे, लेकिन सबूत मिटाने की नीयत से ससुरालियों ने श्वेता का शव फंदे से उतार लिया था. इसके बाद श्वेता कोकेजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. श्वेता की बहन ज्योति के मुताबिक रविवार की सुबह ही उसकी श्वेता से फोन पर बातचीत हुई थी. उस समय तक उसने किसी भी तनाव का जिक्र नहीं किया था.
क्या है ट्विशा शर्मा केस?
12 मई को भोपाल में ट्विशा शर्मा की भी उसके ससुराल में संदिग्ध मौत हो गई थी. ससुरालियों ने इस घटना को सुसाइड बताया था, जबकि ट्विशा के परिवार ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला बताया. इसके बाद भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की की पीठ ने सोमवार को ही इस मामले में निष्पक्ष और, स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं. मामले की जांच सीबीआई कर रही है.