IPL के दौरान सिक्के, ईयरबड समेत लाइव रिकॉर्डिंग पर भी रोक… इकाना स्टेडियम में दर्शकों के लिए एडवाइजरी

इकाना स्टेडियम लखनऊ ने IPL मैच को लेकर दर्शकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. इसमें स्टेडियम में प्रवेश, मैच रद्द होने पर टिकट रिफंड के साथ क्रिकेट प्रेमियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं. इकाना स्टेडियम में बोतल, सिक्के, बैग, खाद्य-पदार्थ और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर प्रतिबंधित हैं. साथ ही रिकॉर्डिंग या लाइव प्रसारण रोक है.

इकाना स्टेडियम में IPL मैच को लेकर एडवाइजरी Image Credit:

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले IPL मैचों के लिए BCCI ने एडवाइजरी जारी की है. इसमें दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश से संबंधित नियम और शर्तें हैं, क्रिकेट प्रेमियों के स्टेडियम में मैच का लुप्त उठाने के लिए इसका पालन करना होगा. मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले एंट्री गेट खुलेंगे, वैलिड टिकट जरूरी हैं, और दोबारा प्रवेश की इजाजत नहीं होगी.

इकाना स्टेडियम में IPL 2026 का पहला मैच 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल के बीच में खेला जाएगा. अगर टिकट, स्कैनिंग मशीन से पढ़ने योग्य नहीं होगा या बारकोड से छेड़छाड़ की गई होगी तो प्रवेश नहीं मिलेगा. साथ ही किसी भी राजनीतिक, धार्मिक या आपत्तिजनक बैनर, पोस्टर लाने की अनुमति नहीं होगी. केवल तिरंगा ले जा सकते हैं.

रिकॉर्डिंग, लाइव प्रसारण नियमों का उल्लंघन होगा

जारी निर्देशों के अनुसार, स्टेडियम में बोतल, सिक्के, हेडफोन/ईयरबड, कप, ग्लास, लाइटर, टिन या कैन, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट, पोर्टेबल स्पीकर, ज्वलनशील पदार्थ, आतिशबाजी, हथियार, हेलमेट, बैग, लैपटॉप, टैबलेट, पावर बैंक प्रतिबंधित रहेगा. इसके खाद्य पदार्थ और शराब को स्टेडियम के अंदर लाने की अनुमति नहीं होगी. धूम्रपान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.

स्टेडियम में किसी तरह की रिकॉर्डिंग, लाइव प्रसारण, डेटा ट्रांसमिशन या व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध रहेगा. बिना अनुमति के मैच से संबंधित जानकारी, वीडियो, ऑडियो या डेटा का प्रसारण या साझा करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा. किसी प्रकार की अभद्र, आपत्तिजनक, नस्लीय, भेदभावपूर्ण या धमकीपूर्ण भाषा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

2 साल तक के बच्चों का एंट्री फ्री, मैच रद्द पर टिकट रिफंड

BCCI ने यह भी स्पष्ट किया गया है कि मैच के समय, तिथि या स्थान में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकता है. यदि किसी कारणवश मैच रद्द हो जाता है या एक भी गेंद नहीं डाली जाती है, तो ही टिकट राशि (प्रशासनिक शुल्क काटकर) वापस की जाएगी. अन्य किसी परिस्थिति में दर्शकों को टिकट का रिफंड प्रदान नहीं किया जाएगा.

वहीं, स्टेडियम में 2 साल की आयु तक के बच्चों का प्रवेश निःशुल्क है. उससे अधिक आयु के बच्चों के लिए अलग टिकट होना अनिवार्य है. साथ ही कहा गया है कि 18 साल से कम उम्र के सभी व्यक्तियों को एक वयस्क के साथ आना और पूरे समय उसकी निगरानी में रहना आवश्यक होगा, और उस वयस्क के पास भी मैच का वैध टिकट होना चाहिए.

Follow Us