लखनऊ-अयोध्या-गोरखपुर राजमार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री 27 मार्च तक बंद, यात्रा शुरू करने पहले देख लें ये डायवर्जन रूट

अयोध्या में चैत्र रामनवमी मेला-2026 को देखते हुए प्रशासन ने लखनऊ-अयोध्या-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रकों, डीसीएम और सभी भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर 27 मार्च तक रोक लगा दिया है. प्रशासन ने एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर ब्रिगेड और शव वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी है.

लखनऊ-अयोध्या-गोरखपुर राजमार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद ( फाइल फोटो)

अयोध्या में चैत्र रामनवमी मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने वाली है. ऐसे में प्रशासन ने यातायात को सुचारु रखने के लिए सख्त डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है, जो 27 मार्च की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान लखनऊ-अयोध्या-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रकों, डीसीएम और सभी भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.

कहां-कहाँं से वाहन डायवर्ट होंगे?

प्रशासन ने चार प्रमुख मार्गों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं. सीतापुर रोड से आने वाले भारी वाहन इन्दौराबाग किसान पथ अंडरपास होते हुए सुल्तानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजे जाएंगे. हरदोई रोड से आने वाले वाहन बाजपुर किसान पथ अंडरपास के जरिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएंगे.

इसके अलावा आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले ट्रक खुशहालगंज किसान पथ अंडरपास से डायवर्ट किए जाएंगे. कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों को जुनाबगंज मोड़, मोहनलालगंज होते हुए बछरावां और हैदरगढ़ के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा.

इन वाहनों को छूट

प्रशासन ने एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर ब्रिगेड और शव वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी है. प्रशासन ने अपील की है कि आम यात्री भी अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और भीड़भाड़ वाले समय में राजमार्ग का उपयोग टालें. आपात स्थिति में ट्रैफिक विभाग से संपर्क करें. किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या यातायात संबंधी जानकारी के लिए यात्री ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर भी संपर्क कर सकते हैं.

28 मार्च से यातायात व्यवस्था फिर से हो जाएगा सामान्य

बता दें कि चैत्र रामनवमी मेले की आयोजन की समाप्ति पर 27 तारीख की रात 12:00 बजे के बाद यानी 28 मार्च को राजमार्ग पर डायवर्जन प्लान को हटा कर यातायात व्यवस्था को फिर से सामान्य कर दिया जाएगा. इसके बाद भारी वाहन अपने पूर्व निर्धारित रूट से चल सकेंगे.

Follow Us