एक साल के मासूम को बेचने की धमकी, महिला से जबरन कराया देह व्यापार; एक्शन में पुलिस

लखनऊ में एक महिला को उसके मासूम बच्चे को बेचने की धमकी देकर जबरन देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया. अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर आरोपी ने उसे एक महीने तक बंधक बनाए रखा. पीड़िता की शिकायत के बाद अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें होटल मालिकों की मिलीभगत की भी पड़ताल की जा रही है.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक झकझोर देने वाली वारदात हुई है. यहां एक महिला को डरा-धमकाकर देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया. आरोपी ने पीड़िता के एक साल के मासूम बच्चे को बेचने की धमकी देकर विभिन्न होटलों में भेजा गया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वारदात लखनऊ के चिनहट स्थित होटल प्राइसलेस का है. पीड़िता का आरोप है कि इस वारदात में आरोपी से होटल वाले भी मिले हुए हैं.

यहां रहने वाली पीड़िता ने बताया कि पहले उसे ब्लैकमेल कर रेप किया गया, फिर आरोपी ने उसके बच्चे को बेचने की धमकी दी और मारपीट कर उसे देहव्यापार के लिए भी मजबूर किया. यही नहीं, आरोपी ने उसे एक महीने तक बंधक भी बनाकर रखा. पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने पुलिस में तुरंत शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. अब उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है.

अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अनिल कुमार ने उसका अश्लील वीडियो बनाया था. यही वीडियो दिखाकर उसे बार बार ब्लैकमेल किया. यहां तक कि उसके बच्चे को घायल कर दिया और उसका सामान छीन लिया, जो अब तक वापस नहीं किया है. बाद में आरोपी उसे होटल में भी ले जाने लगा और उससे जबरन देह व्यापार कराया. इस वारदात में होटल वाले भी आरोपी से मिले हुए है. पीड़िता के मुताबिक उसके साथ इस तरह की ज्यादती करीब 25 दिनों से लगातार हो रही है.

जांच में जुटी पुलिस

पीड़िता की शिकायत पर अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस वारदात में पुलिस पीड़िता की शिकायत का सत्यापन करने के साथ ही वारदात में होटल वालों की मिलीभगत की भी पड़ताल कर रही है.

Follow Us