13KG सोना, 9KG चांदी… पूर्व ARTO के घर में मिली अकूत संपत्ति, दीवारों में छिपाए थे करोड़ों रुपये

लखनऊ में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. दो दिन चली छापेमारी में उनके घर से करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, हीरे के आभूषण, लग्जरी कारें और कई जिलों में फैली संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं. विजिलेंस के अनुसार शुरुआती जांच में बरामद संपत्तियों का मूल्य 35 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है.

विजिलेंस की टीम ने छापेमारी की थी

लखनऊ में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. दो दिन तक चली छापेमारी में विजिलेंस टीम ने उनके लखनऊ स्थित आवास से करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलो सोना, करीब 9 किलो चांदी, हीरे के बहुमूल्य आभूषण, कई लग्जरी गाड़ियां और कई जिलों में फैली करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए हैं.

दरअसल, विजिलेंस की टीम ने 7 और 8 जुलाई को अलीगंज की चंद्रलोक कॉलोनी स्थित सी-143 आवास पर कोर्ट से सर्च वारंट लेकर छापेमारी की. यह आवास पूर्व ARTO ललित कुमार का है. प्रारंभिक जांच के अनुसार बरामद नकदी, जेवरात और संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है. विजिलेंस का कहना है कि बरामद संपत्तियों और निवेश की जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद आंकड़ा और बढ़ सकता है.

दो दिन तक चली विजिलेंस की कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान कई अधिकारियों की टीम ने घर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली. छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में नकदी, सोना, चांदी, हीरे के आभूषण और निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले. कार्रवाई के दौरान बैंक खातों, लॉकरों और निवेश संबंधी रिकॉर्ड भी खंगाले गए. विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान घर की दीवारों के अंदर छिपाए गए करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये नकद बरामद हुए. इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद उसकी गिनती मशीनों की मदद से कराई.

13 किलो सोना और 9 किलो चांदी मिली

छापेमारी में सबसे चौंकाने वाली बरामदगी सोने और चांदी के रूप में हुई. विजिलेंस को घर से लगभग 13 किलोग्राम सोना और करीब 9 किलोग्राम चांदी मिली है. इसके अलावा हीरे के कई कीमती आभूषण भी बरामद किए गए हैं. वर्तमान बाजार मूल्य के हिसाब से केवल सोने की कीमत ही कई करोड़ रुपये बैठती है. आभूषणों का मूल्यांकन कराया जा रहा है. सोना और चांदी की कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.

13 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति के दस्तावेज

जांच के दौरान अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली समेत कई स्थानों पर आवासीय भवन, प्लॉट, कृषि भूमि, फ्लैट बुकिंग और अन्य अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं. इन संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 13 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. विजिलेंस अब इन संपत्तियों के वास्तविक बाजार मूल्य और खरीद के स्रोत की जांच करेगी.

लग्जरी कारें और हथियार भी मिले

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को दो लग्जरी कारें भी मिली हैं. इसके अलावा एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और बैंक निवेश से जुड़े कई दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं. टीम यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने किन-किन बैंकों में निवेश किया है और उनकी कुल वित्तीय संपत्ति कितनी है. सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के खिलाफ पहले से ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है.

अब सारे दस्तावेजों की होगी जांच

उसी मामले की विवेचना के दौरान अदालत से तलाशी वारंट मिला था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार अभी केवल तलाशी की कार्रवाई पूरी हुई है. अब बरामद दस्तावेजों, बैंक खातों, निवेश, चल और अचल संपत्तियों का विस्तृत सत्यापन किया जाएगा. जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी की वैध आय कितनी थी और उसके मुकाबले उसने कितनी संपत्ति अर्जित की.

Follow Us