लखनऊ में 2100 प्लॉट खरीदने का सुनहरा मौका, LDA ने लाई स्कीम, हजरतगंज से सिर्फ 20 मिनट दूर
आगरा एक्सप्रेस-वे पर कुल 2664 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 15 हजार भूखंडों की वरुण विहार योजना विकसित की जानी है. इसके दो सेक्टर कैलाश खण्ड और काशी खण्ड में 2100 भूखंडों के लिए जून में ही रजिस्ट्रेशन खोले जाने का फैसला कर लिया गया है. यह एलडीए की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना बताई जा रही है.
एलडीए आगरा एक्सप्रेस वे पर अपने अब तक के सबसे बडे आवासीय योजना ‘वरुण विहार’ को लॉन्च करने वाली है. अब खबर आ रही है कि इस प्रोजेक्ट को शहर के मुख्य इलाकों से कनेक्ट करने के लिए एलिवेटेड रोड विकसित किया जाना है. कहा जा रहा है कि इस रोड के बनने के बाद हजरतगंज और वरूण विहार की दूरी सिर्फ 20 मिनट की हो जाएगी. अब तक इस दूरी को पूरा करने में 50 मिनट का समय लगता है.
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दे दिया है. हैदर कैनाल के समानांतर इस एलिवेटेड रोड के बनने से शहर को दो छोर सीधे तौर पर कनेक्ट हो जाएंगे. बता दें वरूण विहार प्रोजेक्ट को एलडीए का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट कहा जा रहा है.
2664 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही ये योजना
आगरा एक्सप्रेस-वे पर कुल 2664 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वरुण विहार योजना विकसित की जानी है. इसके लिए सदर व सरोजनीनगर तहसील के भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा एवं दोना की भूमि किसानों से सहमति के आधार पर उनकी जमीन खरीदी जा रही है.
जून में शुरू होगा इन दो सेक्टर का रजिस्ट्रेशन
एलडीए के सूत्रों के मुताबिक वरूण विहार योजना के अंतर्गत कैलाश खण्ड और काशी खण्ड में 2100 भूखंडों के लिए जून में ही रजिस्ट्रेशन खोल दिया जाएगा. यहां के 60 मीटर, 45 मीटर व 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर कराने का भी निर्देश दिया गया है.
कुल 15,000 भूखंड विकसित किए जाएंगे.
अब तक एलडीए को इस प्रोजेक्ट के लिए 853 हेक्टेयर भूमि के सहमति पत्र प्राप्त हो चुके हैं. इनमें से कुल 335 हेक्टेयर भूमि की रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में हो चुका है. इस प्रोजेक्ट में कुल 15,000 भूखंड विकसित किए जाएंगे. वरूण विहार में कुल 4 लाख की आबादी बसाने की तैयारी है.
ये आधुनिक सुविधाएं भी होगी
वरूण विहार प्रेजेक्ट में आवासीय सुविधाएं तो होंगी ही, बल्कि यहां उद्योग, लॉजिस्टिक पार्क, ग्रीन बेल्ट, पार्क और अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स भी विकसित किया जाएगा. इसे कुल 25 सेक्टर विकसित की जाएगी. 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क और ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा. 800 एकड़ क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट, पार्क, वॉटर बॉडीज और एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स डेवलप होगा.
