‘हॉस्टलों में छात्र ड्रग्स मंगाते हैं, शराब की बोतलें भी मिलीं’, राज्यपाल ने जताई चिंता

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हॉस्टलों में छात्रों द्वारा ड्रग्स-शराब सेवन पर गहरी चिंता व्यक्त की है. निरीक्षण में खाली बोतलें और बाहर से ड्रग्स मंगाने की बात सामने आई. उन्होंने युवाओं से अपने स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी चीज से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि हॉस्टलों में निरीक्षण के दौरान शराब की खाली बोतलें मिली थीं. उन्होंने कहा कि कुछ छात्र बाहर से खाना मंगाने के साथ-साथ ड्रग्स भी मंगाते हैं और हॉस्टल में उसका सेवन करते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की.

राज्यपाल बुधवार को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं. उन्होंने कहा कि मेडिकल के छात्र-छात्राएं समाज के लिए प्रेरणा होते हैं, इसलिए उनका आचरण भी अनुकरणीय होना चाहिए. स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासन अपनाकर ही वे बेहतर चिकित्सक बन सकते हैं.

‘अपने जीवन में ऐसी किसी भी आदत को जगह न दें’

राज्यपाल ने हाल में लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के हॉस्टलों का निरीक्षण किया था, जहां मेस में साफ-सफाई की कमी और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताएं सामने आई थीं. इसके बाद स्टूडेंट वेलफेयर के डीन और चीफ प्रॉक्टर की सहमति से हॉस्टल मेस में नॉन-वेज भोजन पर रोक लगाने का आदेश जारी हुआ था.

आनंदीबेन पटेल ने कहा कि छात्र संकल्प लें कि वे अपने जीवन में ऐसी किसी भी आदत को जगह नहीं देंगे, जो उनके स्वास्थ्य, करियर और भविष्य को नुकसान पहुंचाए. उन्होंने युवाओं से अनुशासन, संयम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया. इसके अलावा अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने परिवार के मूल्यों का भी उल्लेख किया.

एक छात्रा को अपनी सास के साथ मंच पर आते देखा…

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि समारोह में कई बेटियां अपने पति के साथ आई थीं. शुरुआत में उन्हें लगा कि वे अपनी सास को क्यों नहीं लेकर आईं, लेकिन जब उन्होंने एक छात्रा को अपनी सास के साथ मंच पर आते देखा तो उनकी सोच बदल गई. उन्होंने इसे परिवार में सम्मान और संस्कार का अच्छा उदाहरण बताया.

पिछले सप्ताह AKTU के दीक्षांत समारोह में भी राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पढ़ाई के दौरान अनचाही गर्भावस्था और उससे जुड़ी सामाजिक जिम्मेदारियों का जिक्र किया था. उन्होंने युवाओं से संयम बरतने और ऐसे कदमों से बचने की अपील की थी, जिनका असर उनके भविष्य और परिवार पर पड़ सकता है.

Follow Us