HC ने पूछा- राजा भैया, बृजभूषण, धनंजय, विनीत को कैसे मिला हथियारों का लाइसेंस?

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रघुराज प्रताप सिंह राजा भैय्या, धनंजय सिंह, सुशील सिंह, बृजभूषण सिंह, विनीत सिंह, अजय मरहद, सुजीत सिंह बेलवा, उपेन्द्र सिंह गुड्डू,पप्पू भौकाली, इन्द्रदेव सिंह, सुनील यादव, फरार अजीम, बादशाह सिंह, संग्राम सिंह, सुल्लू सिंह, चुलबुल सिंह, सनी सिंह, छुन्नू सिंह, तथा डॉ. उदय भान सिंह जैसे लोगों को दिए गए शस्त्र लाइसेंस की जानकारी मांगी है.

हाईकोर्ट ने पूछा इन बाहुबलियों को कैसे मिला हथियारों का लाइसेंस Image Credit:

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश में शस्त्र लाइसेंसों के दुरुपयोग, अपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को लाइसेंस जारी करने और हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन पर नाराजगी जताई है. कोर्ट ने इस मामले में कड़ा रूख अख्तियार करते हुए राज्य सरकार से लेकर जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विस्तृत जवाब के लिए तलब किया है.

इन 19 लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जानकारी मांगी

कोर्ट ने रघुराज प्रताप सिंह राजा भैय्या, धनंजय सिंह, सुशील सिंह, बृजभूषण सिंह, विनीत सिंह, अजय मरहद, सुजीत सिंह बेलवा, उपेन्द्र सिंह गुड्डू,पप्पू भौकाली, इन्द्रदेव सिंह, सुनील यादव, फरार अजीम, बादशाह सिंह, संग्राम सिंह, सुल्लू सिंह, चुलबुल सिंह, सनी सिंह, छुन्नू सिंह, तथा डॉ. उदय भान सिंह जैसे लोगों को मिले शस्त्र लाइसेंस की भी जानकारी मांगी है.

इस मामले की सुनवाई कर रहे जज विनोद दिवाकर ने कहा कि हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा होता है. इस तरह की घटनाएं कानून के शासन और सामाजिक शांति के विपरीत हैं. कोर्ट ने कहा गृह विभाग के संयुक्त सचिव द्वारा 20 मई 2026 को दाखिल हलफनामे से भी यह साफ हुआ है कि सरकारी आदेशों तथा आर्म्स एक्ट, 1959 एवं उसके नियमों का सही ढंग से पालन नहीं किया जा रहा है. वहीं, 23 मार्च 2026 के आदेश में हमने लाइसेंस जारी करने, नवीनीकरण और हस्तांतरण के मामलों में अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए थे.

अब तक प्रदेश में 10,08,953 शस्त्र लाइसेंस जारी

कोर्ट में रखे गए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 10,08,953 शस्त्र लाइसेंस जारी हो चुका है. फिलहाल, इस समय अलग-अलग कैटेगरी में कुल 23,407 आवेदन लंबित हैं. इसके अलावा डीएम के आदेशों के खिलाफ कुल 1,738 अपीलें मंडलायुक्तों के समक्ष लंबित हैं. तकरीबन 20,960 परिवार ऐसे हैं, जिनमें एक से अधिक शस्त्र लाइसेंस हैं. लगभग 6062 ऐसे लोगों को लाइसेंस दिया गया है, जिनके खिलाफ दो या दो से अधिक मुकदमे दर्ज हैं.

अपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को मिले शस्त्र लाइसेंस में मांगी जानकारी

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लाइसेंस धारकों के बारे में जानकारी देने का निर्देश दिया है. साथ ही यह भी बताने को कहा है कि ऐसे में लोगों के परिवार में अन्य सदस्यों के पास भी हथियारों का लाइसेंस है क्या. इसके अलावा कोर्ट ने ये भी कहा कि जिन प्रभावशाली व्यक्तियों की जानकारी छिपाई गई है, जो समाज में व्यापक सामाजिक एवं राजनीतिक प्रभाव रखते हैं. उनके शस्त्र लाइसेंसों के बारे में भी जानकारी दी जाए.

Follow Us