पत्नी के बॉयफ्रेंड को फंसाने के लिए किया ऐसा कांड, खुद पहुंच गया जेल; हैरान कर देगी कहानी

लखनऊ में एक अजीब घटना सामने आई है. यहां एक पति ने पत्नी के बॉयफ्रेंड को फंसाने के लिए पुलिस को बम की फर्जी धमकी दी. उसने चारबाग स्टेशन और एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना दी. उमेश कुमार नाम के इस व्यक्ति ने सोचा था कि पुलिस उसके बॉयफ्रेंड को पकड़ेगी, लेकिन पुलिस जांच में सारा मामला उलटा पड़ गया और साजिश रचने वाला पति खुद गिरफ्तार होकर जेल पहुंच गया.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया और बोला कि ‘हैलो कंट्रोल रूम, मैंने चारबाग स्टेशन पर बम लगा दिया है, कुछ ही यह उड़ जाएगा.’ फिर इसी तरह की बात उसने लिखकर एयरपोर्ट को मे कर दिया. इस फोन कॉल और ईमेल को देख शुक्रवार की शाम राजधानी लखनऊ में हड़कंप मच गया. एक तरफ जीआरपी तो दूसरी तरफ एयरपोर्ट पुलिस मामले की जांच में जुट गई. इसी क्रम में शनिवार को पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया.

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आलमबाग निवासी उमेश कुमार के रूप में बताई है. उसने कबूल किया कि उसने बम लगाने की धमकी फर्जी थी. उसने अपनी पत्नी के बॉयफ्रेंड को फंसाने की साजिश के तहत यह धमकी दी थी. उसे लगा था कि पुलिस मोबाइल फोन की जांच करते हुए उसकी पत्नी को पकड़ेगी और फिर उसके बॉयफ्रेंड को अरेस्ट कर लिया जाएगा. लेकिन पुलिस की जांच में मामला उल्टा पड़ गया. पुलिस ने पूरे मामले की जांच करते हुए आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है.

ये हुआ खुलासा

पुलिस के मुताबिक अनुसार उमेश कुमार की पत्नी के मल्टी कॉलोनी में रहने वाले कार्तिकेय के साथ प्रेम संबंध थे. दोनों अक्सर फोन पर बातचीत करते थे. इस बात को लेकर उमेश का पत्नी के साथ कई बार झगड़ा भी हुआ. बावजूद इसके पत्नी ने कार्तिकेय से बातचीत करना बंद नहीं किया तो उमेश ने कार्तिकेय को फंसाने की साजिश रची और पत्नी के मोबाइल से 1090 पर धमकी भरा फोन कर दिया.

ऐसे आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने पहले धमकी वाले फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाया तो पता चला कि वह नंबर कार्तिकेय के नाम पर रजिस्टर्ड है. इस इनपुट पर पुलिस ने कार्तिकेय को हिरासत में लिया तो पता चला कि उसने यह फोन उमेश की पत्नी को दिया था. इसके बाद पुलिस ने उमेश की पत्नी से पूछताछ की. इस दौरान पता चला कि उमेश ने शुक्रवार को उसका फोन लिया था. फिर पुलिस ने आरोपी उमेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ.

Follow Us