लखनऊ के छात्रों ने ICSE 10वीं में रचा इतिहास: सार्थक चौधरी को 97.6%, इंजीनियर बनने का सपना

लखनऊ के छात्रों ने ICSE 10वीं में शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें कई टॉपर्स ने 99% से अधिक अंक प्राप्त किए. गोमती नगर एक्सटेंशन के सार्थक चौधरी ने 97.6% अंक हासिल किए हैं, उनका सपना सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का है. सार्थक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और लगातार अभ्यास को दिया है.

सार्थक चौधरी, दिव्यांश कुशवाहा और अफशान अहमद ने रचा इतिहास Image Credit:

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) द्वारा गुरुवार को जारी ICSE कक्षा 10वीं के परिणाम में लखनऊ के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया. ऑल इंडिया स्तर पर 99.18 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे, वहीं शहर के कई मेधावियों ने 99 प्रतिशत से ऊपर अंक हासिल कर सभी का मन मोह लिया.

इस सफलता की रोशनी में सीएमएस गोमती नगर एक्सटेंशन के सार्थक चौधरी का नाम भी खासा चमका. सार्थक ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. पढ़ाई के प्रति लगन और निरंतर मेहनत के साथ उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है. सार्थक आगे चलकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं और कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं.

दिव्यांश और अफशान अहमद को 99.40% अंक

इस बार ICSE 10वीं में लखनऊ के दो छात्रों ने संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान हासिल किया. सीएमएस गोमतीनगर-1 के वैवस्वत नारायण दुबे और लखनऊ पब्लिक कॉलेज, राजाजीपुरम के शिवम अवस्थी ने 99.80 प्रतिशत (499/500) अंक प्राप्त किए. वहीं, अर्शफाबाद की जहरा फातिमा और गोमतीनगर-1 के अनय अग्रवाल 99.60% अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया.

ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज की रिद्धि तिवारी को 99.40%, सीएमएस गोमतीनगर-1 की अफशान अहमद और दिव्यांश कुशवाहा को 99.40%, फरहीन खान (सीएमएस राजाजीपुरम) को 99.40%, इसके अलावा प्रशांत अग्रवाल (सीएमएस गोमतीनगर-1) और दिव्यांश पाण्डेय (सीएमएस कानपुर रोड) को 99.20% अंक प्राप्त हुए हैं.

स्कूलों में शिक्षकों ने मेधावियों छात्रों पर बरसाए फूल

लखनऊ के लगभग 120 स्कूलों के करीब 14,500 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया. अधिकांश स्कूलों में पास प्रतिशत 100 रहा, जिससे स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, छात्र और अभिभावक सभी बेहद उत्साहित नजर आए. जैसे ही दोपहर 11 बजे वेबसाइट पर रिजल्ट अपलोड हुआ, छात्रों ने अपने UID से अंक देखे और खुशी से झूम उठे.

सीएमएस गोमतीनगर सहित कई स्कूलों में शिक्षकों ने मेधावियों पर फूल बरसाए, ढोल-नगाड़ों के साथ डांस हुआ, मिठाइयां बांटी गईं और सेल्फी लेने की होड़ लग गई. अभिभावकों को भी स्कूल की ओर से सम्मानित किया गया. घर पहुंचने पर सफल छात्रों का परिवार और पड़ोसी उत्साह से भरकर उनका स्वागत कर रहे थे.

Follow Us