लखनऊ में कांवड़ यात्रा के दौरान हंगामा, बच्चों से भरी स्कूल वैन पर पथराव
लखनऊ में कांवड़ यात्रा के दौरान बच्चों से भरी एक स्कूल वैन पर पथराव का मामला सामने आया है. घटना चरक चौराहे के पास हुई, जहां बारिश के दौरान वैन की कांवड़ियों से हल्की टक्कर के बाद विवाद हो गया. आरोप है कि नाराज कुछ लोगों ने वैन पर पथराव कर दिया, जिससे उसके शीशे टूट गए. वैन में सवार बच्चे दहशत में आ गए, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों से भरी एक स्कूल वैन पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया. घटना में वैन के शीशे टूट गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई. यह घटना शहर के चरक चौराहे के पास हुई.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान स्कूल वैन की कांवड़ियों से हल्की टक्कर हो गई. इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने नाराजगी जताते हुए स्कूल वैन पर पथराव कर दिया. देखते ही देखते वैन के शीशे टूट गए और वहां मौजूद बच्चों में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय वैन में स्कूली बच्चे सवार थे.
अचानक हुए पथराव से बच्चे घबरा गए और रोने लगे. चालक ने किसी तरह वाहन को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर स्थिति संभाली. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लिया और मौके पर मौजूद लोगों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. इसके बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी और इसी दौरान स्कूल वैन का कांवड़ियों से हल्का संपर्क हो गया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और कुछ लोगों ने वैन पर पथराव कर दिया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है.
एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो. कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट पर है. पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.