खामनेई की मौत से लखनऊ तक हड़कंप, 3 दिन के शोक का ऐलान; मौलाना कल्बे जवाद ने की ये अपील

आयतुल्ला खामेनेई की मौत से लखनऊ तक हड़कंप है. मौलाना कल्बे जवाद ने 3 दिन के शोक का ऐलान कर मुस्लिम समुदाय और इंसानियत पसंद लोगों से दुकानें बंद रखने की अपील की है. बरेली से मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने भी इसे शहादत बताया और अमेरिका-इजरायल पर साजिश का आरोप लगाया. उन्होंने ईरान में फंसे भारतीयों की सुरक्षा और देश में शांति बनाए रखने की अपील भी की.

खामनेई की मौत पर यूपी में शोक का ऐलान

ईरान-इजराइल युद्ध और आयतुल्ला ख़ामेनई की मौत से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक हड़कंप है. मौलाना कल्बे जवाद ने तीन दिन के शोक का ऐलान करते हुए तमाम उम्मते मुस्लिमा और सभी इंसानियत परस्त लोगों से अपने दुकान और प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है. इसी कड़ी में आज रात 8 बजे छोटे इमामबाड़े में मौलाना कल्बे जवाद ने एक शोकसभा का भी आह्वान किया है. शोक सभा के बाद शहर में कैंडल मार्च निकाला जाएगा.

मौलाना कल्बे जवाद ने शिया समुदाय से अपील की है कि वो रात में एक साथ पूरे पूरे मुल्क में शोक सभा का आयोजन करें और जहां भी संभव हो सके, कैंडल मार्च निकालें. वहीं उन्होंने देश के तमाम इंसानियत परस्त लोगों से इस शोकसभा में शामिल होने का आह्वान किया है. बताया कि इस दौरान इमामबारगाहों और घरों पर काले परचम लगाए जाएंगे. इसी प्रकार उन्होंने सिया समुदाय के लोगों से अपनी दुकानें एवं प्रतिष्ठान भी बंद रखने का आग्रह किया है.

बरेली में शोक का ऐलान

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने भी खामनेई की मौत को शहादत बताते हुए शोक का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि खामनेई की शहादत समूची मुस्लिम दुनिया के लिए बड़ा नुकसान है और इसकी भरपायी नहीं हो सकती. इस क्षति से केवल ईरान में नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर दुख हुआ है. उन्होंने शोक का ऐलान करते हुए अमेरिका और इजरायल पर गंभीर आरोप लगाए. कहा कि खामनेई को खत्म करने के लिए कई सालों से साजिश रची जा रही थी.

ईरान में फंसे भारतीयों के प्रति जताई चिंता

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को जालिम हुक्मरान बताया. इसी के साथ उन्होंने भारत सरकार से ईरान और अरब देशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापसी कराने की अपील की. इसी प्रकार उन्होंने प्रदर्शनकारियों से देश में अमन और शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि कोई भी एहतजाज के दौरान कानून हाथ में ना ले.