कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन आज, जानिए कितना टाइम लगेगा और टोल में कितने पैसे खर्च होंगे?
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन आज होगा. इससे अब 63 किमी का सफर एक घंटे से भी कम समय में तय होगा. इस सिक्स-लेन एक्सप्रेसवे पर कार के लिए एकतरफा टोल ₹275 है, जबकि 24 घंटे में वापसी पर ₹415 लगेंगे. टोल भुगतान केवल फास्टैग से होगा. यह परियोजना यूपी में बेहतर कनेक्टिविटी और तेज यात्रा सुनिश्चित करेगी.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से कानपुर को जोड़ने के लिए बने एक्सप्रेसवे का आज रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह एवं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के हाथों शुभारंभ हो रहा है. करीब 4200 करोड़ रुपये की लागत से बना यह लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे करीब 63 किलोमीटर लंबा है और सिक्स-लेन एक्सप्रेसवे है. इससे सफर में अब एक घंटे से भी कम समय लगगा. अभी तक कानपुर से लखनऊ का सफर तय करने में कम से कम दो घंटे लग जाते थे.
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इस एक्सप्रेसवे के शुभारंभ से पहले ही इसपर चलने वाले वाहनों के लिए टोल दर भी तय कर दी हैं. एनएचएआई द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक एक तरफा यात्रा करने पर 275 रुपये टोल लगेगा. लेकिन 24 घंटे के अंदर वापसी पर टोल दरों में रियायत मिलेगी. ऐसी परिस्थिति में दोनों तरफ का टोल मिलाकर महज 415 रुपये ही देना होगा. यह टोल दरें कार, जीप जैसे वाहनों के लिए हैं.
अन्य वाहनों के लिए भी टोल दरें तय
इस एक्सप्रेसवे पर चलने वाले हल्के कामर्शियल वाहनों के लिए एक तरफ की यात्रा के लिए 445 रुपये टोल निर्धारित किया गया है. वहीं 24 घंटे में वापसी पर दोनों तरफ का मिलाकर कुल टोल 670 रुपये देना होगा. इसी प्रकार बस और ट्रक जैसे वाहनों को एक तरफ के सफर में 935 रुपये और 24 घंटे में वापसी पर 1405 रुपये टोल शुल्क तय किया गया है. जबकि मल्टी-एक्सल वाहनों के लिए एक तरफ का टोल टैक्स 1020 रुपये और 24 घंटे में वापसी पर दोनों तरफ का कुल 1530 रुपये टोल देना होगा.
सिर्फ फास्टैग ही मान्य
एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे देश का पहला ऐसा एक्सप्रेसवे है, जिस पर कोई टोल बैरियर नहीं है. इस एक्सप्रेसवे पर टोल कलेक्शन के लिए चार टोल प्लाजा बनाए गए हैं. इसमें एक शिवपुरा, दूसा बनी, तीसरा अमरसास और चौथा आजाद चौराहे पर हैं. कोई भी वाहन इन टोल प्लाजा से होकर गुजरेगा तो फास्टैग के जरिए अपने आप टोल टैक्स की राशि कट जाएगी.
दो और एनएच की लॉन्चिग
कानपुर लखनऊ एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने आ रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी आज दो और नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट लॉन्च करेंगे. यह दोनों प्रोजेक्ट 4850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की है. हरदोई-लखनऊ एनएच 731 प्रोजेक्ट सबसे बड़ा है. इसके पैकेज चार के तहत 32 किलोमीटर लंबा फोर-लेन का निर्माण करीब 541 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है.