लखनऊ में किफायती घर का सपना होगा पूरा! अटल नगर योजना में 630 फ्लैट्स के लिए इस दिन से रजिस्ट्रेशन

एलडीए की अटल नगर योजना में 630 अफोर्डेबल फ्लैट्स के लिए फिर ऑनलाइन पंजीकरण खुल रहा है. इसमें 1BHK और 2BHK फ्लैट्स शामिल हैं, जिनका आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया से होगा. यह उन लोगों के लिए बेहतरीन अवसर है जो लखनऊ में बजट में अपना आशियाना ढूंढ रहे हैं.

अटल नगर अफोर्डेबल हाउसिंग 630 इकाइयों के लिए पंजीकरण फिर खुला

अगर आप लखनऊ में अपना आशियाना लेना चाह रहे हैं, वो भी बजट में, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. एलडीए एक बार फिर अपनी अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम ‘अटल नगर योजना’ में कुल 630 फ्लैटों के लिए पंजीकरण खोलने जा रहा है. अब लखनऊ में किफायती घर का सपना पूरा होगा. एलडीए उपाध्यक्ष ने गुरुवार को इस बाबत आदेश जारी कर दिये हैं.

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अटल नगर योजना में 1 बीएचके के 539 और 2 बीएचके के 91 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल, 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा, जोकि 1 माह तक चलेगा. पंजीकरण सिर्फ और सिर्फ LDA वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा. भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा.

इन फ्लैटों की कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं. 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन फ्लैटों की कीमत लगभग 9.82 लाख रुपये से शुरू होती है. पूर्व में लॉटरी के माध्यम से फ्लैटों का आवंटन किया गया था. जिसमें शेष 630 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से 17 मई, 2026 तक पुनः पंजीकरण खोला जा रहा है.

1 BHK के लिए 55,658 रुपये पंजीकरण शुल्क

अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग आदि की सुविधा दी गयी है. उन्होंने बताया कि 1 बीएचके के फ्लैट के लिए 55,658 रुपये और 2 बीएचके के फ्लैट के लिए 1,00852 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है, जोकि आवंटन न होने की दिशा में आवेदक को वापस कर दिया जाएगा.

500 चार पहिया वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अटल नगर योजना का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने योजना में लगभग 500 चार पहिया वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि पार्किंग के लिए ले-आउट में उपयुक्त स्थान चिन्हित करते हुए 15 दिन के अंदर प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए.

Follow Us