लखनऊ में प्लॉट खरीदने का सुनहारा मौका, LDA की दो मेगा टाउनशिप एक साथ होगी लॉन्च
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) अपनी दो मेगा टाउनशिप योजनाओं को एक साथ लॉन्च कर रहा है. इन योजनाओं के तहत 3100 से अधिक आवासीय भूखंडों उपलब्ध होंगे. ये भूखंड 72 वर्गमीटर से 450 वर्गमीटर के होंगे. LDA की बैठक में लांचिंग की रूपरेखा तैयार कर ली गई है.
लखनऊ में प्राइम लोकेशन पर प्लॉट खरीदने का सुनहारा मौका है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) अपनी वरूण विहार और नैमिष नगर योजना एक साथ लॉन्च करने जा रहा है. इन योजनाओं के तहत 2-2 सेक्टरों में लगभग 3100 से अधिक आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा. ये भूखंड 72 वर्गमीटर से 450 वर्गमीटर के होंगे.
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सोमवार को पारिजात सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करके लांचिंग की रूपरेखा तैयार की. साथ ही दोनों योजनाओं में 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये. साथ ही बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे पर लगभग 6,580 एकड़ क्षेत्रफल में वरूण विहार योजना विकसित की जाएगी.
वरूण विहार में इन गांवों से जुटाई जा रही जमीन
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि वरूण विहार योजना के लिए सदर और सरोजनीनगर तहसील के ग्राम-भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा एवं दोना की भूमि जुटायी जा रही है. योजना में लगभग 3.5 लाख की आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी.
वरूण विहार में 800 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में ग्रीन बेल्ट, पार्क और वॉटर बॉडीज विकसित की जाएगी, जिसमें 1 गोल्फ कोर्स और सेंट्रल पार्क होगा. इसके अलावा 300 एकड़ क्षेत्रफल मेें लॉजिस्टिक पार्क विकसित किया जाएगा. प्रथम चरण में कुल 1926 भूखण्ड लांच किये जाएंगे. इसमें कैलाश खण्ड के 1218 और काशी खण्ड के 708 भूखण्ड शामिल हैं.
नैमिष नगर में 1179 भूखण्डों का खुलेगा पंजीकरण
वहीं, नैमिष नगर योजना लखनऊ के IIM रोड पर लगभग 3600 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है. इसके लिए बीकेटी के ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी और दुग्गौर की जमीन जुटायी जा रही है.
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि नैमिष नगर योजना में प्रथम चरण में कुल 1179 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा. इसमें ब्रह्मा खण्ड के 669 और भूमि खण्ड के 510 भूखण्ड शामिल होंगे. इसमें लगभग 2 लाख लोगों को आधुनिक आवासीय सुविधा मिलेगी. LDA की इन दोनों मेगा टाउनशिप योजना के लिए पंजीकरण जल्द खोला जाएगा.
