रास्ते से किया अगवा, कमरे में बंद कर गैंगरेप; दिल दहला देगी नाबालिग से हैवानियत की कहानी
लखनऊ के अलीगंज में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का बाजार जाते समय अपहरण का मामला सामने आया है. आरोप है कि उसे कार सवार तीन बदमाशों ने अगवा कर त्रिवेणी नगर के एक मकान में ले जाकर बर्बरतापूर्वक दुष्कर्म किया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों (छोटू और दीपक) को गिरफ्तार कर पॉक्सो और अपहरण की धाराओं में केस दर्ज किया है. वहीं तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक नाबालिग को अगवा कर उसके साथ हैवानियत का मामला सामने आया है. वारदात सोमवार शाम की है. अलीगंज इलाके में रहने वाली 16 साल की पीड़िता घ्ज्ञर से बाजार जाने के लिए निकली थी. कार सवार तीन बदमाशों ने उसे रास्ते में से उठा लिया और त्रिवेणीनगर इलाके के एक मकान में ले जाकर तीनों ने उसके साथ बर्बरता पूवर्क रेप किया. पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ पॉक्सो, अपहरण आदि की धाराओं में मामला दर्ज किया है.
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि सोमवार की शाम वह मार्केट जा रही थी. वह बंधा रोड ढाल पर पहुंची ही थी कि कार सवार तीन बदमाश छोटू उर्फ जतिन, दीपक व एक अन्य वहां पहुंचे और उसे जबरन कार में खींच लिया. पीड़िता के मुताबिक उसने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मुंह पर हाथ लगाकर आवाज नहीं निकलने दी.
एक घंटे तक की हैवानियत
पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे त्रिवेणी नगर के एक मकान में ले गए, जहां तीनों ने करीब एक घंटे तक उसके साथ हैवानियत की. इस दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की. आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को जानकारी दी. फिर पुलिस में आकर लिखित शिकायत दिया है. इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार सिंह के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छोटू और दीपक को हिरासत में ले लिया है. अब तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.
सामने आया ये कनेक्शन
इंस्पेक्टर ने मामले की प्राथमिक जांच के बाद बताया कि किशोरी कुछ महीने पहले तक छोटू के घर में ही किराए पर रहती
थी. इस दौरान किसी बात को लेकर छोटू से उसका विवाद हुआ था, और उसने घर खाली कर दिया था. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े हर संभावित एंगल पर जांच कर रही है. इसी बीच पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक मामले में आगे की कार्रवाई होगी.