UP में क्यों कहर बरपाने पर तुला मानसून? इन 50 जिलों में 4 दिन होगी झमाझम बारिश

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी रफ्तार में है, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र से अगले चार दिनों तक 50 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. भारतीय मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है. प्रयागराज समेत कई इलाकों में रविवार की रात से ही रूक-रूककर बारिश हो रही है. इससे कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है.

यूपी का मौसम Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरे रफ्तार में हैं. बंगाल की खाड़ी में बने नए निम्न दबाव के क्षेत्र की वजह से अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. कुछ जिलों में मध्यम से भारी बारिश का भी अंदेशा है. भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में 50 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति अगले 4 दिनों तक बनी रह सकती है.

बता दें कि प्रयागराज में रविवार की देर रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है. इससे लोगों को भले ही गर्मी और उमस से राहत मिल गई, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की वजह से लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है. आज सुबह भी आसमान में घने बादल छाए रहे. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में प्रयागराज समेत आसपास के जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है.

यहां भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले 24 घंटों में चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, बांदा, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी के अलावा रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर आदि जिलों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं इन जिलों से सटे अन्य जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने का अंदेशा है.

इन जिलों में बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच आदि जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है. इसी तरह की आशंका लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, औरैया, बिजनौर आदि जिलों के लिए भी है.

Follow Us