आप भी बन सकते हैं ‘नंद बाबा’, सरकार देगी 80 हजार की सब्सिडी; UP के पशुपालकों को ऐसे मिलेगा लाभ

उत्तर प्रदेश सरकार ने 'नंद बाबा' योजना के तहत देसी गाय पालने वाले किसानों को 80 हजार रुपये तक की सब्सिडी देने की घोषणा की है. इस पहल का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और राज्य में दूध उत्पादन में वृद्धि करना है. योजना में शामिल होकर किसान गोकुल/नंद बाबा पुरस्कार भी जीत सकते हैं. सरकार प्रति दो देसी गायों पर यह वित्तीय सहायता प्रदान करेगी.

यूपी में गाय खरीदने पर मिलेगी सब्सिडी Image Credit:

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई पहल की है. सरकार की योजना के तहत कोई भी व्यक्ति देशी गाय खरीद कर इस योजना में शामिल हो सकता है. ऐसे किसान को सरकार एक गाय पर 40 हजार और दो गायों की खरीद पर 80 हजार रुपये की सब्सिडी देगी. इस प्रकार योजना में शामिल किसानों को नंद बाबा पुरस्कार जीतने का भी मौका मिल सकता है. यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्म पाल सिंह ने दी.

सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में  पशुपालकों के लिए आयोजित गोधन समागम में उन्होंने इस योजना की घोषणा की. कहा कि इस योजना की शर्त के तहत गोपालक को देसी नस्ल की गाय खरीदनी होगी. सरकार की ओर से दो गायों की खरीद पर 80 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में दूध का उत्पादन बढाने और पशु पालकों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए इस योजना को शुरू किया गया है.

प्रति व्यक्ति 450 ग्राम हो रहा उत्पादन

मंत्री धर्मपाल सिंह के मुताबिक साल 2004 तक प्रदेश में महज 230 ग्राम प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता थी. सरकार की विभिन्न योजनाओं की वजह से दूध का उत्पादन अब बढ़कर 450 ग्राम प्रति व्यक्ति हो गया है. सरकार का लक्ष्य एक लीटर प्रति व्यक्ति दूध का उत्पादन सुनिश्चित करना है. इसके लिए प्रदेश सरकार लगातार पशुपालकों की मदद कर रही है. इसी क्रम में प्रति गाय 40 हजार रुपये की मदद दी जा रही है. यह मदद दो देसी गायों की खरीद पर लागू होगा.

देसी गाय पर सरकार का फोकस

मंत्री धर्मपाल सिंह के मुताबिक सपा की सरकार में चारे के लिए प्रति गाय महज 30 रुपये मिलते थे. योगी सरकार ने इसे बढ़ाकर 50 रुपये प्रति गाय कर दिया है. उन्होंने बताया कि यूपी के पशुपालकों के पास चारे की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि सरकार का फोकस देसी गायों के संवर्द्धन पर है. इसी क्रम में मंत्री ने 2024- 25 के 63 जनपद स्तरीय गोकुल पुरस्कार और 49 नंद बाबा पुरस्कारों का वितरण किया. इसमें 51000 से 200000 रुपये तक का पुरस्कार दिया गया.