60 जिले और 760 केंद्र, फेस ऑथेंटिकेशन और लाइव मॉनिटरिंग; NEET एग्जाम के लिए UP में ऐसा है सुरक्षा चक्र

आज देश भर में हो रही NEET UG री-एग्जाम के लिए उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है. 60 जिलों के 760 केंद्रों पर फेस ऑथेंटिकेशन और लाइव मॉनिटरिंग के साथ परीक्षा आयोजित हो रही है. पेपर लीक रोकने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल की व्यापक तैनाती और सोशल मीडिया पर निगरानी भी की जा रही है, ताकि परीक्षार्थी सुरक्षित माहौल में एग्जाम दे सकें.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

आज देश भर में नीट यूजी 2026 री-एग्जाम होने जा रहा है. एक बार पेपर लीक के बाद दोबारा कराए जा रहे इस एग्जाम के लिए इस बार उत्तर प्रदेश में कठोर सुरक्षा चक्र बनाया गया है. एग्जाम दोपहर 2 बजे से शुरू होंगे और शाम के 5:15 बजे एग्जाम संपन्न होगा. एग्जाम के लिए प्रदेश के 60 जिलों में कुल 760 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर कुल 3 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के बैठने के इंतजाम हैं.

एग्जाम में सूचिता बनाए रखने के लिए एक तरफ जहां सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, वहीं बायोमेट्रिक पहचान और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए परीक्षार्थियों को प्रवेश के इंतजाम होंगे. इस पूरी व्यवस्था की लाइव मॉनिटरिंग होगी. एग्जाम शुरू होने के पहले से पुलिस की टीमें सोशल मीडिया की निगरानी करेंगी. इसमें किसी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना देने वालों के खिलाफ तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई होगी. इसके लिए नोएडा से लखनऊ तक पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है.

ऐसा है सुरक्षा चक्र

पेपर लीक से बचाने के लिए सरकार ने कठोर सुरक्षा चक्र बनाया है. इसमें परीक्षा सामग्री को सुरक्षित तरीके से केंद्रों तक पहुंचाने के लिए कुछ प्रोटोकॉल तय किए गए हैं. परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं. दूर-दराज से आने वाले छात्रों के लिए परिवहन और आवास संबंधी व्यवस्था भी की गई हैं. एग्जाम सेंटर्स, बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की सुविधा और मदद के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

परीक्षा कराने उतरी पुलिस फोर्स

सरकार ने इस परीक्षा को सूचिता पूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पहले ही कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया है. इसके लिए 192 राजपत्रित अधिकारी, 512 इंस्पेक्टर, 1747 दरोगा, 2152 हेड कांस्टेबल और 5882 कांस्टेबल के साथ 207 होमगार्ड और पीएसी की टुकड़ियों को तैनात किया गया है. इतने के बावजूद हाईटेक तरीके से मॉनिटरिंग होगी. पुलिस मुख्यालय लखनऊ में बैठकर अधिकारी हरेक सेंटर पर नजर रखेंगे.

Follow Us