लखनऊ में आवारा पशु पकड़ने गई पुलिस-नगर निगम टीम पर हमला, दरोगा का सिर फूटा; 3 वाहन तोड़े
राजधानी लखनऊ में बेखौफ पशु पालकों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है. 'गद्दी गैंग' ने अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने गई नगर निगम टीम और पुलिस पर हमला कर दिया. हमले में कई कर्मचारी घायल हुए, जबकि एक दरोगा का सिर फट गया.
लखनऊ के पारा क्षेत्र में ‘गद्दी गैंग’ ने रविवार को पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला कर दिया. टीम के अभियान का विरोध करते हुए आरोपियों ने जमकर पथराव किया. हमले में नगर निगम के कई कर्मचारियों को चोटें आईं, जबकि बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल का सिर फूटा गया. पथराव में नगर निगम की वाहनों के शीशे भी टूट गए.
जोन-6 के पारा थाना क्षेत्र में 16 अगस्त को नगर निगम की टीम अवैध तरीके से पशु पालने वालो के खिलाफ चेकिंग कर रही थी. टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था. कार्रवाई के दौरान कुछ पशुपालकों और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और उपद्रवियों ने पुलिस और नगर निगम की टीम पर पथराव कर दिया.
सरेआम दरोगा का घोंटा जा रहा था गला
लखनऊ में बेखौफ गद्दी गैंग के दरिंदों ने खाकी का इकबाल पूरी तरह नीलाम कर दिया. सड़क पर पड़े दरोगा की गर्दन को फांसी के फंदे की तरह इस कदर भींचा गया कि वर्दीवाला तड़प-तड़पकर सांसों की भीख मांगता रहा. बताया जा रहा है कि अगर साथी पुलिसवाले सही वक्त पर न झपटते, तो ये खूंखार गुंडे आज दरोगा की जान ही ले लेते.

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात ने पूरे शहर में खौफ भर दिया है, जब सरेआम कानून के रखवालों का गला घोंटा जा रहा है, तो आम जनता की औकात ही क्या है? इस अचानक हुए हिंसक हमले में कई नगर निगम कर्मियों की पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. उपद्रवियों ने सरकारी संपत्ति को निशाना बनाते हुए अभियान में शामिल तीन वाहनों के शीशे तोड़ डाले.
हमले के बावजूद पकड़ी गईं 18 भैंसें
हालांकि, इस जानलेवा हमले और भारी विरोध के बावजूद टीम के हौसले पस्त नहीं हुए, नगर निगम की टीम ने 18 भैंसों को ज़ब्त कर ठाकुरगंज स्थित कांजी हाउस भेज दिया. घटना के बाद पशु कल्याण प्रभारी अवधेश कुमार ने पारा थाने में नामजद और अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से इन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. वहीं, नगर निगम प्रशासन ने भी साफ कर दिया है कि गुंडागर्दी के आगे अभियान रुकेगा नहीं, और हमलावरों पर सख्त कार्रवाई के साथ शहर को आवारा पशुओं से मुक्त कराने की कार्रवाई जारी रहेगी.
