लखनऊ में फिर सड़क पर उतरीं Gen Alpha गर्ल्स, बालागंज में लगाया जाम; CM आवास कूच की चेतावनी
लखनऊ में गर्ल्स स्कूल की छात्राएं शिक्षकों की कमी, खराब भोजन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर फिर सड़क पर उतर आईं. बालागंज चौराहे पर छात्राओं को पुलिस ने रोक दिया. इसके बाद गुस्से में सभी वहीं सड़क पर बैठ गए और CM आवास कूच की चेतावनी दी.
राजधानी लखनऊ में एक बार फिर स्कूली छात्राओं का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. जय प्रकाश नारायण सर्वोदय गर्ल्स स्कूल की छात्राएं सोमवार को अपनी मांगों और स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर सड़क पर उतर आईं. छात्राओं ने दुबग्गा बाईपास तक पैदल मार्च किया. इसके बाद वे जुलूस की शक्ल में विधानसभा कूच करते बालागंज चौराहे तक पहुंच गए.
सैंकड़ों छोटे-छोटे बच्चें स्कूल की बदहाली और टीचरों की कमी को लेकर आक्रोशित हैं. बालागंज चौराहा पहुंचते ही प्रशासन ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद गुस्से में आकर छात्राएं सड़क के बीचों-बीच घेरा बनाकर बैठ गईं. छात्राओं के सड़क पर उतरने से बालागंज चौराहे पर यातायात व्यवस्था ठप पड़ गई. देखते ही देखते चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
DM के न आने पर CM आवास कूच की चेतावनी
छात्राओं के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने तीन थानों की पुलिस को मौके पर तैनात कर दिया. हालांकि, इसके बादलभी छात्र अपनी मांगों पर अरे थे. मौके पर ACP काकोरी शकील अहमद छात्राओं से बातचीत कर रहे हैं. छात्राओं का कहना है कि सीएम सर को मौके पर बुलाया जाय, नहीं तो वह सभी एक साथ मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच करेंगे.
प्रदर्शन रोक कर एंबुलेंस को कराया रवाना
हालांकि, छोटे बच्चों ने प्रदर्शन के दौरान शांती बनाए रखा और यहां तक की एक एंबुलेंस को भी रास्ता दिया. प्रदर्शन के दौरान बालागंज चौराहे पर जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई. एंबुलेंस को देखते ही कुछ छात्राओं ने अपना प्रदर्शन रोक दिया और उसे रास्ता देकर आगे रवाना कराया. इसके बाद छात्राओं ने दोबारा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
शिक्षकों की कमी, खाने और सफाई से नाराज
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विषयों को समझने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. छात्राओं का कहना है कि उन्होंने स्कूल स्तर पर भी अपनी समस्याएं बताईं, लेकिन जब समाधान नहीं हुआ तो उन्हें सड़क पर उतरकर आवाज उठानी पड़ी.
छात्राओं ने स्कूल की कैंटीन में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर भी नाराजगी जताई. इसके अलावा साफ-सफाई और स्कूल की दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए. छात्राओं का कहना है कि स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं का बेहतर होना भी जरूरी है.
छात्राओं का प्रदर्शन 14 अगस्त से ही जारी
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय गर्ल्स स्कूल की छात्राओं का प्रदर्शन 14 अगस्त से ही जारी है. उस दिन भी छात्राओं ने जमकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया था. इस दौरान समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला भी जाम में फंस गया. जानकारी मिलने पर मंत्री गाड़ी से उतरकर छात्राओं के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं.
मंत्री असीम अरुण के साथ समाज कल्याण विभाग के सचिव आईएएस अनुराग यादव भी मौजूद थे. अधिकारियों ने छात्राओं को उनकी समस्याओं के समाधान और मांगों को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया था. यहीं नहीं, मंत्री असीम अरुण ने फिर छात्राओं के साथ स्कूल भी गए थे. प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्राएं शांत हुईं और प्रदर्शन समाप्त किया था.
