लखनऊ में बिजली संकट पर सड़क जाम, पुलिस से अभद्रता; अब 150 अज्ञात पर FIR
लखनऊ में बिजली संकट को लेकर लोगों ने जमकर सड़क पर उत्पात मचाया. उत्तरेठिया अंडरपास पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया. साथ ही प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ भी अभद्रता की. वहीं, अब मामला में प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है, कुल 150 अज्ञात प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज हुआ है.
लखनऊ के पीजीआई थाने क्षेत्र में शुक्रवार को बिजली संकट से परेशान लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया. उत्तरेठिया अंडरपास सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने सड़क जाम कर बवाल काटा. आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने और जाम हटाने के प्रयास के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने उनसे अभद्रता की. इस अवरोध के कारण सड़क पर भारी जाम लग गया.
वहीं, अब मामला में प्रशासन ने प्रदर्शन में शामिल कुल 150 अज्ञात पर सख्त एक्शन लिया है. PGI थाने में इन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक उपद्रव शामिल हैं. प्रशासन का कहना है कि इनके कारण राहगीरों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा है.
गाली-गलौच, अभद्रता और पुलिस को धमकी दी
उत्तरेठिया अंडरपास प्रदर्शन के मामले में दरोगा दुर्गेश सिंह ने एफआईआर दर्ज करवाई है. उनका कहना है कि वह SI बबलू कुमार के साथ साउथ सिटी में क्षेत्र पड़ने वाले विद्युत उपकेन्द्र पर शान्ति व्यवस्था के लिए मौजूद थे. तभी जानकारी मिली कि करीब 100 से 150 अज्ञात व्यक्तियों ने उत्तरेठिया अण्डरपास पर रायबरेली-लखनऊ मार्ग को ठप कर दिया है.
उन्होंने FIR में कहा कि ये लोग उत्तरेठिया अण्डरपास पर बैठकर आवागमन को पूरी तरह से रोक दिए थे, जिससे जाम लगा हुआ था. इस सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा तो पाया कि करीब 100 से 150 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रोड जाम कर रखा गया है. जब पुलिस ने लोगों को सड़क से हटने के लिए कहा गया तो गाली-गलौच करते हुए अभद्रता की.
बीएनएस की इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
आरोप है कि पुलिस के साथ अभद्रता कर धमकी दी गई और कार्य सरकार बाधित किया गया. इन प्रदर्शन करने वालों पर बीएनएस की धारा- 191(2) साधारण दंगा करना, 132 पुलिस को कर्तव्य निभाने से रोकना, 126(2) जानबूझकर बाधित करना, 352 अपमान करना और 351(2) धमकी में मुकदमा दर्ज किया गया है. जिले में भीषम गर्मी को लेकर बिजली संकट है.