गजब है! लखनऊ में नशेड़ियों ने फूंक दिया पुलिस बूथ, CCTV खंगाल रही पुलिस; मचा हड़कंप

लखनऊ में ठंड से बचने के लिए कुछ नशेड़ियों ने ट्रैफिक पुलिस बूथ में ही आग लगा दी, जिससे राजधानी में हड़कंप मच गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान कर रही है. पक्का पुल के पवास स्थित पुलिस बूथ में हुई इस घटना में मेज और कुर्सियां जलकर राख हो गईं हैं. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नशेड़ियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है.

लखनऊ में नशेड़ियों ने फूंक दिया पुलिस बूथ

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां नशेड़ियों ने ठंड से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस का बूथ ही फूंक दिया है. घटना की खबर मिलते ही लखनऊ पुलिस में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने नशेड़ियों की पहचान और धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए है. बताया जा रहा है कि इस वारदात में करीब आधा दर्जन नशेड़ी शामिल हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला राजधानी लखनऊ के ​चौक इलाके में पक्का पुल के पास का है. जानकारी के मुताबिक रविवार की देर रात इस पुलिस बूथ के पास कुछ अराजक तत्व घूमते देखे गए थे. चूंकि ठंड ज्यादा थी, इसलिए इन लोगों ने पुलिस बूथ खोलकर मेज निकाल लिया और बूथ के पीछे ले जाकर उसमें आग लगा दी. काफी देर तक ये लोग वहां बैठकर नशा करते हुए आग तापते रहे और आखिर में पुलिस बूथ में ही आग लगाकर फरार हो गए.

अज्ञात के खिलाफ एफआईआर

पुलिस ने इस घटना के संबंध में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है. वहीं आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस घटना स्थल और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. बताया जा रहा है कि इन दिनों पुलिस ने नशेड़ियों के खिलाफ अभियान चलाया है. इसी बात से नाराज स्मैकियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है. इस घटना में पुलिस बूथ में रखी चार कुर्सियां और एक मेज समेत कई जरूरी दस्तावेज जलकर खाक हो गए.

स्मैकियों का अड्डा बना यह क्षेत्र

​स्थानीय लोगों के मुताबिक पक्का पुल से चौक चौराहे तक करीब 1 किलोमीटर का एरिया स्मैकियों का अड्डा बन गया है. इस पूरे इलाके में शाम ढलने के साथ ही नशेड़ियों का जमावड़ा शुरू हो जाता है. यह नशेड़ी देर रात तक छोटे-छोटे गुटों में यहां जमे रहते हैं. कई बार पुलिस इन लोगों को खदेड़ती भी है. बताया जा रहा है कि पिछले दिनों स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने इनके खिलाफ अभियान चलाया था. चौक थाने के कोतवाल ​इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक आरोपियों की पहचान कराई जा रही है.

Follow Us