‘उस समय तो तार पर कपड़े सुखाते थे…’ अखिलेश के सवाल पर बरसे CM योगी, बिजली संकट दिया ये जवाब

अखिलेश यादव के बिजली संकट पर सवालों के जवाब में CM योगी ने उनके शासन काल की याद दिला दी. कहा कि सपा के समय लोग बिजली के तार पर कपड़े सुखाते थे. योगी ने माना कि ट्रिपिंग और डिमांड बढ़ने से समस्या है, पर 24 घंटे बिजली देने का दावा किया. हालांकि, कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जिस पर सरकार सुधार का आश्वासन दे रही है.

सीएम योगी (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश में बिजली संकट पर एक तरफ सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव सरकार पर लगातार हमलावर हैं. वह रोज इस संकट के लिए बीजेपी और सीएम योगी को जिम्मेदार बता रहे हैं. वहीं, सीएम योगी ने भी अपने अंदाज में उन्हें जवाब दिया है. सीएम योगी ने कहा कि सपा के शासन में तो लोग बिजली के तार पर कपड़े सुखाते थे. उस समय तो इन लोगों ने व्यवस्था बनाई थी कि किसी भी जिले में एक हफ्ते दिन में बिजली मिलेगी तो अगले हफ्ते रात में.

उन्होंने माना के प्रदेश में बिजली संकट है. पॉवर हाउस पर ट्रिपिंग हो रही है. इस दिशा में लगातार सुधार किया जा रहा है. काफी काम हुआ है और आगे भी जारी रहेगा. इसके लिए सिस्टम को थोड़ा समय तो देना होगा. यह बात जनता को भी समझना होगा. सीएम योगी ने कहा कि इस समय बिना भेदभाव के प्रदेश भर में 24 घंटे बिजली दी जा रही है. लोड़ बढ़ने की वजह से कहीं कहीं फाल्ट और ट्रिपिंग की दिक्कत है तो उसका भी निस्तारण किया जा रहा है.

पीक पर बिजली की डिमांड

इस समय उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है. इसकी वजह से गांवों से लेकर शहरों तक में बिजली की डिमांड अचानक बढ़ गई है. प्रदेश के ऊर्जा मंत्री रोज डिमांड और आपूर्ति का आंकड़ा पेश कर रहे हैं. साथ में वह यह भी दावा कर रहे हैं कि प्रदेश में बिजली की कोई कमी नहीं है. बावजूद इसके, अलग अलग क्षेत्रों में बिजली कटौती की वजह से लोग लगातार हंगामा कर रहे हैं.

प्रभावित हो रहा जनजीवन

बिजली कटौती की वजह से शहर से लेकर गांवों तक में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. कहीं पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है, तो कहीं रातों की नींद. कई इलाकों में तो रात में दो-दो घंटे की ट्रिपिंग हो जा रही है. इसकी वजह से दिन भर नौकरी के बाद घर आकर सोने वालों को जागकर पूरी रात बितानी पड़ रही है. वहीं पानी की सप्लाई के समय पर बिजली कट जाने की वजह से लोगों को जरूरत भर पानी भी नहीं मिल पा रहा.

Follow Us