भीषण गर्मी में बिजली कटौती से फूटा लोगों का गुस्सा, लखनऊ में जेई को 13 KM तक दौड़ाया

लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. फॉल्ट ठीक करने पहुंचे एक जूनियर इंजीनियर को तो भीड़ ने घेर लिया. ऐसे में जेई ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने भागते समय भी करीब 13 किलोमीटर तक उसे दौड़ाया. यह स्थिति ओवरलोड और तकनीकी खराबी के कारण बन रही है. इससे जाहिद नगर जैसे कई इलाकों में लोग परेशान हैं.

प्रतीकात्मक तस्वीर Image Credit:

भीषण गर्मी में भी राजधानी लखनऊ में बिजली की कटौती खूब हो रही है. आधी रात में हो रही इस बिजली कटौती से रविवार को लोगों के सब्र का बांध छलग गया. नाराज शहर वासियों ने विद्युत उपकेंद्रों पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया. इस दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को अपनी जान बचाने के लिए कार से भागना पड़ा. बताया जा रहा है कि गुस्साई भीड़ ने करीब 13 किलोमीटर तक उनका पीछा भी किया.

जानकारी के मुताबिक, शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय और एफसीआई उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों में पिछले कई दिनों से रात में रोज बिजली कटौती हो रही है. इससे जाहिद नगर, नाजिम नगर, हर्षनगर, कुंदन विहार, भपटामऊ, पिंक सिटी, बुद्धेश्वर विहार और आदर्श विहार कॉलोनी के लोग परेशान हैं. चूंकि भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा भड़क गया. शनिवार की देर रात जब फॉल्ट ठीक करने के लिए बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो नाराज लोगों की लाइनमैन से कहासुनी हो गई.

जेई ने भागकर बचाई जान

इसी दौरान एफसीआई उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर जहांगीर आलम भी मौके पर पहुंचे. उन्हें देखते ही स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया. देखते ही देखते धक्का मुक्की की नौबत आ गई. ऐसे में जेई ने कार में बैठकर भागने की कोशिश की. उन्हें भागता देख लोगों ने बाइक से करीब 13 किमी तक पीछा भी किया. हालांकि वह आलमनगर ओवरब्रिज से होते हुए आगरा एक्सप्रेसवे की ओर गाड़ी भगा ले गए. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.

सभी फीडर से सप्लाई रोकी

उधर, अंबेडकर विश्वविद्यालय उपकेंद्र पर भी बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र का घेराव किया और सभी फीडरों की सप्लाई रोक दी. सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत किया. बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में ओवरलोड और तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है. अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार के अनुसार, शकुंतला मिश्रा उपकेंद्र पर लोड अधिक होने की वजह से रोस्टिंग करनी पड़ रही है.

Follow Us